राष्ट्रीय सूचना विज्ञान छत्तीसगढ़ केंद्र में : राजभाषा हिंदी कार्यशाला आयोजित
National Informatics Centre in Chhattisgarh: Official Language Hindi Workshop organized
रायपुर, 01 जनवरी 2026


छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय सूचना-विज्ञान केन्द्र (एनआईसी) में 30 दिसंबर को राज्य केंद्र एवं जिलों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए “राजभाषा नीति एवं नियम” विषय पर राज्य स्तरीय हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य शासकीय कार्यों में राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन को सुदृढ़ करना तथा केंद्र सरकार की राजभाषा नीति के अनुरूप कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में मुख्यालय से पधारे श्री अजय मधुकर जोशी, उप महानिदेशक एवं समूह प्रमुख (राजभाषा) तथा श्री राजेंद्र कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ निदेशक का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ श्री ऋषि कुमार राय, उप निदेशक (आईटी) एवं हिंदी अधिकारी द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ किया गया।
इस अवसर पर श्री राजेंद्र कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ निदेशक ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से राजभाषा हिंदी की नीति, नियमों एवं उनके अनुपालन की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों, पत्राचार, ई-ऑफिस तथा तकनीकी दस्तावेजों में हिंदी के प्रयोग की आवश्यकता पर जोर देते हुए अधिकारियों-कर्मचारियों को राजभाषा नियमों से अवगत कराया।
इसके पश्चात श्री अजय मधुकर जोशी, उप महानिदेशक ने संसदीय राजभाषा समिति की द्वितीय उपसमिति के निरीक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि एनआईसी छत्तीसगढ़ राज्य केंद्र द्वारा राजभाषा हिंदी के क्षेत्र में किए गए कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने समिति द्वारा राज्य केंद्र, रायपुर को प्रदत्त प्रमाण पत्र के लिए राज्य के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा हिंदी में किए जा रहे कार्यों को शत-प्रतिशत तक पहुंचाने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में श्री तेज नारायण सिंह उप महानिदेशक एवं राज्य सूचना-विज्ञान अधिकारी ने कार्यशाला को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दैनिक कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का आह्वान किया। उन्होंने अतिथि वक्ताओं के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
अंत में श्री पी. रामाराव, वरिष्ठ निदेशक एवं राजभाषा अधिकारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कार्यशाला में सहभागिता करने वाले राज्य केंद्र एवं जिलों से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार जताया।






