शिलांग में टूरिस्ट के कैमरे में रिकॉर्ड हुआ राजा और सोनम रघुवंशी का आखिरी वीडियो, उसने लिखा Recorded Accidentally

The last video of Raja and Sonam Raghuvanshi was recorded in a tourist's camera in Shillong, he wrote Recorded Accidentally

शिलांग में टूरिस्ट के कैमरे में रिकॉर्ड हुआ राजा और सोनम रघुवंशी का आखिरी वीडियो, उसने लिखा Recorded Accidentally

इंदौर। राजा रघुवंशी और सोनम का एक नया वीडियो सामने आया है। वीडियो में दोनों जंगल के बीच से निकलते हुए पहाड़ी पर चढ़ते नजर आ रहे हैं। दरअसल शिलांग के करीब डबल डेकर रूट पर एक टूरिस्ट के कैमरे में ये दोनों रिकॉर्ड हो गए।

देव सिंह नाम के एक युवक ने अपने इंस्टाग्राम पर राजा और सोनम का यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि 23 मई के दिन मैं मेघालय के डबल डेकर रूट पर घूमने के लिए गया था, इस दौरान वहां कई वीडियो भी रिकॉर्ड किए। कल जब मैं सारे वीडियो को देख रहा था तो इसमें मुझे इंदौर का वह कपल दिखाई दिया।

naidunia_image

देव सिंह ने लिखा कि उस समय सुबह के करीब 9.45 बज रहे होंगे जब हम नीचे उतर रहे थे और राजा और सोनम ऊपर चढ़ रहे थे। सोनम ने वहीं सफेद रंग की टी शर्ट पहन रखी है, जो राजा की लाश के पास से बरामद हुई थी। उन्होंने लिखा है कि मुझे उम्मीद है कि यह वीडियो मेघालय पुलिस को राजा मर्डर केस की कड़‍ियां जोड़ने में मदद करेगा।

राजा और सोनम से 20 मिनट पहले ऊपर पहुंचे थे बाकी तीनों आरोपी

देव सिंह ने लिखा है किे मैंने जब राजा को उस वीडियो में देखा तो मुझे उनके साथ हुई घटना के लिए बहुत बुरा लगा। वो बहुत ही सामान्य लग रहे थे, उन्हें नहीं पता था कि आगे उनके साथ क्या होने वाला है। मेरे पास एक और वीडियो हैं, जिसमें इंदौर के वो तीन लोग भी दिख सकते हैं जो राजा और सोनम से 20 मिनट पहले ऊपर पहुंचे थे।

राजा की तेरहवीं में सोनम के परिवार को नहीं बुलाया

राजा रघुवंशी के परिवार ने तेरहवीं पर सोनम रघुवंशी के परिवार को नहीं बुलाया है। परिवार ने राजा की आत्मा की शांति के लिए जब उज्जैन में पूजा करवाई थी तो सोनम का भाई गोविंद रघुवंशी भी वहां पहुंचा था। राजा के पिता अशोक रघुवंशी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अगर सोनम इंदौर आई तो वे उसे खुद थप्पड़ मारकर सजा देना चाहते हैं। उनका कहना है कि सोनम को कालापानी जैसी सजा होना चाहिए।