मातृत्व वंदना योजना से मिली मजबूती-बेरलाकला की टिकेश्वरी साहू का प्रेरक अनुभव
Strengthened by the Maternity Vandana Scheme – Inspiring experience of Tikeshwari Sahu of Berlakala
बेमेतरा 18 मार्च 2026 शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले में महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में ग्राम बेरलाकला निवासी टिकेश्वरी साहू ने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना से मिले लाभ को अपने जीवन में महत्वपूर्ण सहारा बताया।
टिकेश्वरी साहू ने बताया कि उनका परिवार कृषि पर निर्भर है और गृहिणी होने के कारण वे परिवार की आय पर आश्रित थीं। सीमित संसाधनों के चलते उन्हें अपनी आवश्यकताओं में कटौती करनी पड़ती थी, जिससे उनके स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा था। गर्भावस्था की जानकारी मिलने पर खुशी के साथ-साथ शिशु की देखभाल को लेकर चिंता भी बढ़ गई थी।
इसी दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं मितानिन बहनों के सहयोग से उनका योजना में पंजीयन किया गया और उन्हें योजना की जानकारी मिली। योजना के अंतर्गत प्राप्त पहली किस्त का उपयोग उन्होंने पौष्टिक आहार और आवश्यक स्वास्थ्य जांच के लिए किया, वहीं दूसरी किस्त का उपयोग प्रसव पूर्व देखभाल और अन्य जरूरतों में किया। उन्होंने बताया कि इस आर्थिक सहायता से उन्हें न केवल वित्तीय सहयोग मिला, बल्कि मानसिक रूप से भी आत्मविश्वास बढ़ा। वर्तमान में वे और उनका शिशु स्वस्थ हैं।
टिकेश्वरी साहू ने शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना मातृत्व काल में महिलाओं के लिए एक मजबूत सहारा साबित हो रही है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिन बहनों की सक्रिय भूमिका को भी सराहा। जिला प्रशासन द्वारा सभी पात्र महिलाओं से अपील की गई है कि वे इस योजना का लाभ अवश्य लें, ताकि मातृत्व काल सुरक्षित, स्वस्थ और तनावमुक्त बनाया जा सके।






