वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी गिरफ्तार, न्यूयॉर्क की अदालत में होगी पेशी

Venezuelan President Maduro and his wife arrested, to appear in New York court

वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी गिरफ्तार, न्यूयॉर्क की अदालत में होगी पेशी

वाशिंगटन/नई दिल्ली। अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है। अमेरिकी ने शुक्रवार रात वेनेजुएला पर बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई की, जिसके दौरान राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को कराकास स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया। दोनों को अमेरिकी युद्धपोत के जरिए न्यूयॉर्क ले जाया गया।

सूत्रों के अनुसार, रविवार को निकोलस मादुरो को न्यूयॉर्क लाया गया, जहां उन्हें ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) के केंद्र में पेश किया गया। इस दौरान सामने आए एक वीडियो में मादुरो के हाथों में हथकड़ी दिखाई दे रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि दो DEA अधिकारी उन्हें पकड़कर अंदर ले जा रहे हैं। कथित तौर पर मादुरो ने अधिकारियों से “गुड नाइट” और “हैप्पी न्यू ईयर” कहा।

न्यूयॉर्क में अदालत में पेशी की तैयारी
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, मादुरो को मैनहट्टन स्थित संघीय अदालत में पेश किया जाएगा। अमेरिका की अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि मादुरो और उनकी पत्नी को नशीली दवाओं की तस्करी और नार्को-आतंकवाद की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी न्याय विभाग पहले ही मादुरो की गिरफ्तारी पर 1.5 करोड़ डॉलर का इनाम घोषित कर चुका था।

वेनेजुएला में सत्ता परिवर्तन, डेल्सी रोड्रिगेज बनीं कार्यवाहक राष्ट्रपति


इस बीच वेनेजुएला के सुप्रीम कोर्ट ने उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज को कार्यवाहक राष्ट्रपति नियुक्त करने का आदेश जारी किया है। अदालत की संवैधानिक पीठ ने कहा कि राष्ट्रपति मादुरो की अनुपस्थिति में यह कदम प्रशासनिक निरंतरता और राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है। कोर्ट ने संकेत दिए हैं कि आगे इस मामले में कानूनी ढांचे पर विस्तृत सुनवाई की जाएगी।

ट्रंप का बयान, कानूनी प्रक्रिया पर सवाल
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वेनेजुएला में हालात सामान्य होने तक अमेरिका वहां की सरकार का नियंत्रण अस्थायी रूप से संभालेगा। हालांकि, इस सैन्य कार्रवाई के लिए कानूनी अनुमति क्या थी और क्या अमेरिकी कांग्रेस से पहले सलाह ली गई थी, इस पर अभी तक कोई आधिकारिक स्पष्टता सामने नहीं आई है।