रैंप योजना के तहत उद्यमिता विकास प्रशिक्षण का सफल आयोजन

Successful organization of entrepreneurship development training under Ramp Scheme

रैंप योजना के तहत उद्यमिता विकास प्रशिक्षण का सफल आयोजन

दंतेवाड़ा, 29 जनवरी 2026

उद्योग विभाग एवं सीएसआईडीसी के मार्गदर्शन में रैंप योजना के अंतर्गत जिले में उद्यमिता को बढ़ावा देने एवं महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से नगर पंचायत गीदम में उद्यमिता विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र में व्यवसाय स्थापित करने हेतु आयोजित यह उद्यमिता विकास कार्यक्रम (ईडीपी ,  लीप) का दसवां प्रशिक्षण सत्र रहा, जो सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
यह कार्यक्रम सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) तथा राज्य सरकार की संयुक्त उद्यमिता प्रोत्साहन पहल के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। आज के सत्र का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष श्री रजनीश सुराना एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती हुलसी प्रधान द्वारा किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने एमएसएमई क्षेत्र की आर्थिक वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए ‘राइजिंग एवं एक्सीलरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस’ योजना की जानकारी दी और बताया कि यह योजना उद्यमियों के तकनीकी उन्नयन, क्षमता निर्माण, बाजार विस्तार एवं प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने में अत्यंत सहायक सिद्ध हो रही है। महिलाओं को सरल एवं व्यवहारिक भाषा में उद्यमिता के मूलभूत सिद्धांतों की जानकारी देने हेतु चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने उद्यमिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका समाधान विशेषज्ञों द्वारा किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों में आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना तथा एमएसएमई क्षेत्र में व्यवसाय प्रारंभ करने की प्रक्रिया को सरल बनाना रहा। नगर पंचायत गीदम में संचालित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले में स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। आगामी दिनों में भी प्रतिभागियों के लिए उन्नत उद्यमिता कौशल विकास हेतु प्रशिक्षण सत्र जारी रहेंगे।