बीजापुर जिले में उद्यानिकी फसलों के लिए मौसम आधारित फसल बीमा योजना लागू

Weather based crop insurance scheme implemented for horticultural crops in Bijapur district

बीजापुर जिले में उद्यानिकी फसलों के लिए मौसम आधारित फसल बीमा योजना लागू

बीजापुर, 19 दिसंबर 2025 किसान भाइयों के हित में भारत सरकार द्वारा संचालित पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना  (RWBCIS)  को छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से वर्ष 2025 में राज्य के सभी 33 जिलों में लागू किया गया है। इसी कड़ी में बीजापुर जिले के उद्यानिकी किसानों को भी योजना का लाभ लेने का अवसर दिया गया है।

सहायक संचालक उद्यान, जिला बीजापुर से मिली जानकारी अनुसार वर्ष 2025 में उद्यानिकी फसलों टमाटर, बैंगन, फूलगोभी, पत्तागोभी, प्याज एवं आलू को बीमा हेतु अधिसूचित किया गया है। इन फसलों का बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है।
योजना के अंतर्गत बीमा प्रीमियम राशि कुल बीमित राशि का 5 प्रतिशत किसानों द्वारा देय होगी। प्रति हेक्टेयर प्रीमियम दर इस प्रकार है टमाटर ₹4400, बैंगन ₹2850, फूलगोभी ₹2700, पत्तागोभी ₹2700, प्याज ₹2750 एवं आलू ₹4800। किसान इस योजना के तहत निर्धारित तिथि से पूर्व नजदीकी बैंक शाखा, सहकारी समिति, सीएससी सेंटर, डाकघर अथवा राष्ट्रीय फसल बीमा पोर्टल (NCIP) के माध्यम से अपनी फसलों का बीमा कराकर योजना का लाभ ले सकते हैं।

अधिक जानकारी के लिए किसान जिला कार्यालय सहायक संचालक उद्यान बीजापुर, शासकीय उद्यान रोपणी कार्यालय बैदरगुड़ा, पामलवाया, गौराबेड़ा विकासखंड भैरमगढ़, उसूर एवं पेगड़ापल्ली भोपालपटनम के कार्यालयों से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही बीमा कंपनी के प्रतिनिधि के मोबाइल नंबर +91 6260703107 पर भी संपर्क किया जा सकता है। सहायक संचालक उद्यान ने जिले के सभी उद्यानिकी किसानों से अपील की है कि वे प्राकृतिक आपदाओं से फसल सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु समय रहते फसल बीमा अवश्य कराएं।