संगम की रेती पर उमड़ा आस्था का सैलाब

A wave of faith surged on the sands of Sangam

संगम की रेती पर उमड़ा आस्था का सैलाब

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में माघ मेले के दूसरे स्नान पर्व मकर संक्रांति के मौके पर गुरुवार को संगम की रेती पर आस्था का सैलाब हिलोरें मारता दिखायी पड़ा। कड़ाके की ठंड और कोहरे के बीच श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं, ब्रह्म मुहूर्त से लेकर सुबह नौ बजे तक 12 लाख से अधिक श्रद्धालु पावन डुबकी लगा चुके थे। मेला प्रशासन का अनुमान है कि आज एक से डेढ़ करोड़ श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगे,बुधवार को एकादशी पर ही 85 लाख श्रद्धालुओं ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई थी। पौष पूर्णिमा पर 31 लाख श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा चुके हैं।

माघ मेले में 20 से 25 लाख कल्पवासी एक माह का कल्पवास कर रहे हैं। पूरे माघ मेले के दौरान डेढ़ महीने में 12 से 15 करोड़ श्रद्धालु स्नान करेंगे। माघ मेले में 12000 फीट लंबा स्नान घाट तैयार किया गया है। स्नान घाटों पर डीप वाटर बैरिकेडिंग, जल पुलिस,एनडीआरएफ एसडीआरएफ और गोताखोर तैनात किए गए हैं।मेले से जुड़े अधिकारी भी ग्राउंड जीरो पर मौजूद है।