यूथ फॉर डेवलपमेंट’ इंटर्नशिप पूर्णः सरगुजा के 40 युवाओं ने 15 दिनों तक गांवों में किया विकास कार्यों का अध्ययन
‘Youth for Development’ internship completes: 40 youth from Surguja spent 15 days studying development work in villages
जिला पंचायत सरगुजा और मुहिम फाउंडेशन की संयुक्त पहल, 11 ग्राम पंचायतों में युवाओं ने ग्रामीण शासन और विकास योजनाओं का किया जमीनी आकलन
अम्बिकापुर 17 जून 2026
जिला पंचायत सरगुजा एवं मुहिम फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘यूथ फॉर डेवलपमेंट’ इंटर्नशिप कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के 40 छात्र-छात्राओं ने 15 दिवसीय इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली। इस कार्यक्रम में शासकीय विज्ञान महाविद्यालय अम्बिकापुर, राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अम्बिकापुर तथा राजमोहिनी देवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय अम्बिकापुर के 24 छात्राओं एवं 16 छात्रों सहित कुल 40 युवाओं ने सहभागिता की। जिला पंचायत सरगुजा द्वारा वर्ष 2025 में मुहिम फाउंडेशन के सहयोग से प्रारंभ किया गया यह नवाचार युवाओं को सक्रिय, जागरूक एवं संवेदनशील नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। 1 जून से 15 जून 2026 तक आयोजित इस इंटर्नशिप के माध्यम से युवाओं को ग्रामीण शासन व्यवस्था, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन तथा सामुदायिक स्तर पर सरकारी सेवाओं की वास्तविक स्थिति को समझने का अवसर मिला।
इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थियों को अम्बिकापुर, लुंड्रा एवं लखनपुर विकासखंड की 11 ग्राम पंचायतों में तैनात किया गया। यहां उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य उपकेंद्र के कर्मचारियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं तथा स्थानीय समुदाय के साथ मिलकर विभिन्न विकास संकेतकों का जमीनी स्तर पर अध्ययन किया। विद्यार्थियों ने आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य उपकेंद्रों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की स्थिति का मूल्यांकन किया। साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित विभिन्न केंद्र प्रायोजित योजनाओं की ग्रामीण परिवारों तक पहुंच का अध्ययन किया। उन्होंने गांवों में स्वच्छता की स्थिति, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव, युवाओं की आजीविका संबंधी आकांक्षाओं तथा जेंडर संसाधन केंद्रों के कार्यों का भी विस्तृत आकलन किया।
अध्ययन के दौरान प्राप्त निष्कर्षों के आधार पर विद्यार्थियों ने महिलाओं, युवाओं एवं किशोरों के लिए स्वास्थ्य, नागरिक अधिकारों और जनभागीदारी संबंधी जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने सहित कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने ग्राम पंचायतों में विकास प्राथमिकताओं के निर्धारण हेतु सामुदायिक विजनिंग अभ्यास भी आयोजित किए, जो सहभागी शासन की दिशा में एक सराहनीय पहल रही।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने निष्कर्ष एवं सुझाव जिला पंचायत सरगुजा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री जे आर प्रधान, स्वास्थ्य मिशन के डॉ. पुष्पेंद्र, जिला डॉ रिजवान उल्ला, प्राचार्य, स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय, सरगुजा तथा मुहिम फाउंडेशन की निदेशक सुश्री आकृति और कार्यक्रम समन्वयक सुश्री रोस अंजलि, श्री रोशन और श्री नीरज, उपस्थित रहे। सभी छात्र-छात्राओं को इंटर्नशिप पूर्णता प्रमाण-पत्र और अनुभव पत्र प्रदान किए गए।
जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल ने कहा कि यह इंटर्नशिप युवाओं को जमीनी शासन व्यवस्था को समझने और ग्रामीण विकास में योगदान देने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करती है। वहीं मुहिम फाउंडेशन के कार्यकारी निदेशक श्री ऋषिकेश ने इसे जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिकों की नई पीढ़ी तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम की सराहना करते हुए प्राचार्य डॉ. रिजवान उल्ला ने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किए गए निष्कर्ष इस पहल की गुणवत्ता और उपयोगिता को दर्शाते हैं।



