पंजीकृत निर्माण एवं असंगठित श्रमिकों के लिए आधार आधारित ई-केवाईसी अभियान शुरू      

Aadhaar based e-KYC campaign launched for registered construction and unorganized workers

पंजीकृत निर्माण एवं असंगठित श्रमिकों के लिए आधार आधारित ई-केवाईसी अभियान शुरू      

30 जून तक कराएं ई-केवाईसी, तभी मिलेगा कल्याणकारी योजनाओं का सुगम लाभ
एमसीबी /17 जून 2026
छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग द्वारा पंजीकृत श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुचारू रूप से उपलब्ध कराने तथा उनके डाटा बेस को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से विशेष आधार आधारित ई-केवाईसी अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान 16 जून 2026 से 30 जून 2026 तक चलाया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल एवं छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत श्रमिकों की जानकारी को आधार कार्ड के अनुरूप अद्यतन किया जाएगा। इसके लिए पंजीयन के दौरान दर्ज विवरण का सत्यापन एवं आवश्यक संशोधन किया जाएगा, ताकि श्रमिकों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
श्रम विभाग द्वारा इस कार्य के लिए कॉमन सर्विस सेंटर (सी.एस.सी) एवं वीएलई संचालकों को अधिकृत किया गया है। पंजीकृत श्रमिक अपने आधार कार्ड एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ निकटतम सीएससी केंद्र पहुंचकर आधार के अनुरूप जानकारी का संशोधन एवं ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि श्रमिकों का अद्यतन डाटाबेस तैयार होने से विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं त्वरित रूप से हितग्राहियों तक पहुंचाया जा सकेगा। इसलिए सभी पंजीकृत श्रमिकों के लिए निर्धारित अवधि में ई-केवाईसी कराना अत्यंत आवश्यक है।
श्रम विभाग ने सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों से अपील की है कि वे 30 जून 2026 से पूर्व अनिवार्य रूप से अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कर लें। साथ ही जनप्रतिनिधियों, श्रमिक संगठनों, ठेकेदारों, निर्माण एजेंसियों एवं आम नागरिकों से भी इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक श्रमिकों को जागरूक करने का आग्रह किया गया है, ताकि कोई भी पात्र श्रमिक शासन की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।