कलेक्टर ने मानसून के दौरान बाढ़ से बचाव-राहत की तैयारी के दिए निर्देश

The collector gave instructions to prepare for flood prevention and relief during monsoon

कलेक्टर ने मानसून के दौरान बाढ़ से बचाव-राहत की तैयारी के दिए निर्देश

कांकेर। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आगामी मानसून में प्राकृतिक आपदा से बचाव एवं राहत व्यवस्था के संबंध में आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर प्रशासनिक सुविधाएं करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में आगामी वर्षा ऋतु में बाढ़ से निबटने और प्राकृतिक आपदा से राहत पहुंचाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि जिले के पहुंचविहीन क्षेत्रों में अभी से खाद्य सामग्रियों और जीवनरक्षक दवाइयों का भंडारण सुनिश्चित कर लें, ताकि प्रभावित लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बाढ़ बचाव सामाग्री का संधारण, वर्षामापक यंत्रों की स्थापना, जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष, पेयजल की शुद्धता एवं स्वच्छता, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का चिन्हांकन एवं अस्थायी राहत कैंप हेतु भवन का चयन निगरानी टीम का गठन एवं अन्य आवश्यक तैयारी, नदियों एवं जलाशयों के जल स्तर तथा जलाशयों से जल छोड़ने की सूचना से अवगता कराने के लिए भी कहा। कलेक्टर ने खाद्य अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सभी सीएमओ को मानसून से पहले नालियों की साफ-सफाई के निर्देश दिए ताकि बारिश में जाम की स्थिति न हो।

बैठक में एसडीएम अरूण वर्मा ने बताया कि बाढ़, अतिवृष्टि एवं प्राकृतिक आपदा से राहत पहुंचाने एवं सहायता के लिए राज्य, जिला, अनुभाग एवं तहसील स्तर पर बाढ़ नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। जिला स्तर पर जिला कार्यालय में बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 76479-70445 है। उक्त नियंत्रण कक्ष में 24 घंटे कर्मचारी उपलब्ध रहेंगे। बैठक में जिले के बाढ़ प्रभावित तहसीलों में निगरानी टीम का गठन करने एवं बाढ़, अतिवृष्टि आदि से बचाव हेतु कार्ययोजना तैयार कर प्रेषित करने को कहा गया। बाढ़ से बचाव के लिए सक्रिय मोटर बोट एवं अन्य सामग्री की व्यवस्था सहित सभी बचाव टीम को तैयार रखने के लिए जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी को निर्देशित किया गया। जिले के तहसील स्तर पर स्थापित वर्षा मापक यंत्रों की मरम्मत व संधारण करने एवं नियमित रूप से जानकारी भेजने हेतु सभी तहसीलदार को निर्देशित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ हरेश मण्डावी, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे, सभी एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तर के अधिकारी मौजूद थे।