SSP सिंह ने नवनियुक्त सूबेदारों को पढ़ाया समय की पाबंदी और कर्तव्यनिष्ठा का पाठ
SSP Singh taught the newly appointed Subedars the lesson of punctuality and dedication
रायपुर। पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय माना, रायपुर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 52 नवनियुक्त सूबेदारों का दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण सह प्रशिक्षण कार्यक्रम 6 और 7 जून को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान 15 महिला और 37 पुरुष प्रशिक्षु शामिल रहे।
शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य पुलिस लाइन रायपुर की कार्यप्रणाली, शाखागत संरचना और प्रशासनिक चुनौतियों की समझ विकसित करना रहा। प्रशिक्षुओं ने अभिलेख प्रबंधन, प्रशासनिक प्रक्रियाएं और फील्ड ड्यूटी से जुड़ी जमीनी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों से प्राप्त की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने प्रशिक्षुओं से मुलाकात की। उन्होंने उन्हें ईमानदारी, समय की पाबंदी और कर्तव्यनिष्ठा का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि प्रत्येक कार्य को जिम्मेदारी से पूरा करना आपके आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ाता है। मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता, इसलिए प्रशिक्षण के दौरान अधिक से अधिक कार्य अनुभव लेने की कोशिश करें।
उन्होंने यह भी जोड़ा कि आने वाले समय में प्रशिक्षु सूबेदारों पर पुलिस बल को नेतृत्व देने की जिम्मेदारी होगी, ऐसे में अभी से पेशेवर दक्षता और विनम्रता के साथ कार्य करना जरूरी है।
प्रशिक्षु सूबेदार तिलक देवांगन ने कार्यक्रम की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह भ्रमण उनके करियर की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने रायपुर पुलिस प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों का आभार जताया और भरोसा दिलाया कि सभी प्रशिक्षु भविष्य में निष्ठा और ईमानदारी से पुलिस सेवा में योगदान देंगे।
शैक्षणिक भ्रमण के तहत प्रशिक्षुओं को तेलीबांधा मरीन ड्राइव पर ट्रैफिक व्यवस्था की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के सफल संचालन में उप पुलिस अधीक्षक निलेश द्विवेदी और रक्षित निरीक्षक अनीष सारथी ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
यह दो दिवसीय प्रशिक्षण भविष्य के पुलिस नेतृत्व को समझ, संवेदनशीलता और समर्पण से भरने की दिशा में एक सफल कदम रहा।






