सुप्रीम कोर्ट में प्रदर्शनकारी किसान: यदि केंद्र बातचीत करे तभी चिकित्सा सहायता लेंगे जगजीत सिंह!

Protesting farmers in Supreme Court: Jagjit Singh will take medical help only if the Centre negotiates!

सुप्रीम कोर्ट में प्रदर्शनकारी किसान: यदि केंद्र बातचीत करे तभी चिकित्सा सहायता लेंगे जगजीत सिंह!

अभिमनोज
किसान नेता जगजीत सिंह की बिगड़ती जा रही सेहत के मद्देनजर सुप्रीम कोर्ट की स्पेशल बेंच ने मंगलवार को एक बार फिर सुनवाई की है, इस दौरान किसानों की ओर से अदालत में कहा गया है कि- यदि केंद्र सरकार बातचीत करने को तैयार होती है, तभी जगजीत सिंह चिकित्सा सहायता लेंगे.

न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया की अवकाशकालीन पीठ ने मामले में अगली सुनवाई के लिए 2 जनवरी 2025 की तारीख तय की है.
इससे पहले इस मामले में पंजाब सरकार की ओर से महाधिवक्ता गुरमिंदर सिंह का कहना था कि- अदालत के 20 दिसंबर 2024 के आदेश की अनुपालन के लिए तीन दिन का और समय मांगने के लिए एक आवेदन दायर किया गया है.  

महाधिवक्ता गुरमिंदर सिंह ने कहा कि- वार्ताकारों की एक टीम प्रदर्शन स्थल पर प्रदर्शनकारी किसानों के साथ बातचीत कर रही है और जगजीत सिंह को खनोरी बॉर्डर के पंजाब की तरफ स्थित निकटवर्ती अस्थायी अस्पताल में स्थानांतरित करने के प्रयास किए जा रहे हैं.  इस पर अदालत का कहना था कि- वह प्रदर्शनकारी किसानों के साथ हुई चर्चा पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहती है, वह केवल अपने पूर्व आदेशों की अनुपालना चाहती है.

सुरक्षा बलों द्वारा प्रदर्शनकारी किसानों को दिल्ली कूच से रोके जाने के बाद संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा के बैनर तले किसान 13 फरवरी 2024 से पंजाब और हरियाणा के बीच शंभू और खनोरी बॉर्डर पर डेरा डाले हुए हैं!