सीएम कैम्प कार्यालय की पहल से मड़ियाझरिया में खुलेगी पीडीएस दुकान
PDS shop will open in Madiyajharia on the initiative of CM Camp Office
हितग्राहियो को राशन लेने आठ किलोमीटर पदयात्रा से मिली मुक्ति
जशपुरनगर। बगिया स्थित सीएम कैम्प कार्यालय की पहल पर मड़ियाझरिया में सार्वजनिक राशन वितरण दुकान (पीडीएस) संचालित करने का आदेश बगीचा के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ने जारी कर दिया है। इससे ग्रामीणों को राशन लेने के लिए 8 किलोमीटर की दौड़ लगाने से बड़ी राहत मिली है। इस पहल के लिए ग्रामीणों ने सीएम कैम्प कार्यालय का आभार जताते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद ज्ञापन सौंपा है।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व ही जिले के कांसाबेल ब्लाक के ग्राम पंचायत केनाडांड़ के आश्रित ग्राम मड़ियाझरिया से आए ग्रामीणों ने सीएम कैम्प में ज्ञापन सौंपा था। इसमें उन्होंने बताया था कि उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंर्तगत,सरकार द्वारा दिया जाने वाला राशन लेने के लिए हर महिने 8 किलोमीटर की दौड़ लगानी होती है। भीषण गर्मी के महिना हो या बरसात का,मौसम का मार झेलते हुए वे चेटबा,ठूठरूडांड़ पार कर बंदरचुआं पहुंचते भी है लेकिन शाम हो जाने के कारण उन्हें कई बार खाली हाथ लौटा दिया जाता है। इस समस्या को देखते हुए उन्होनें मड़ियाझरिया में ही राशन दुकान संचालित करने का अनुरोध किया था।






