जनमन पत्रिका से गांव-गांव तक पहुंच रही विकास और जनकल्याण की जानकारी
Information on development and public welfare is reaching every village through Janman magazine.
ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया की मिल रही सहज जानकारी
रायपुर, मई 2026

राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी अब ग्रामीण अंचलों तक अधिक प्रभावी तरीके से पहुंच रही है। जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित जनमन पत्रिका शासन और आमजन के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बनकर उभरी है। पत्रिका के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, लाभ, आवेदन प्रक्रिया, नवाचारों और विकास कार्यों की जानकारी सरल एवं सहज भाषा में उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे लोगों में जागरूकता बढ़ रही है और योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिल रही है।

सुशासन तिहार के अंतर्गत बलरामपुर जिले के चितमा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में जनसंपर्क विभाग द्वारा ग्रामीणों को जनमन पत्रिका का वितरण किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने पत्रिका के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की। पत्रिका में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, कृषि, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा तथा ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं को सरल रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिससे आमजन आसानी से योजनाओं को समझ पा रहे हैं।
ग्राम चितमा निवासी श्री रघु प्रजापति ने कहा कि जनमन पत्रिका ग्रामीणों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि पहले कई बार योजनाओं की जानकारी समय पर नहीं मिल पाती थी, जिसके कारण पात्र लोग लाभ से वंचित रह जाते थे। अब पत्रिका के माध्यम से योजनाओं की पूरी जानकारी एक ही स्थान पर मिल जाती है, जिससे आवेदन और लाभ लेने की प्रक्रिया आसान हुई है।उन्होंने कहा कि पत्रिका पढ़ने के बाद वे अपने गांव और आसपास के लोगों को भी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवार शासन की योजनाओं से जुड़ सकें। अन्य ग्रामीणों ने भी पत्रिका की उपयोगिता की सराहना करते हुए कहा कि इससे शासन की योजनाओं के प्रति लोगों में विश्वास और जागरूकता दोनों बढ़ी हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना के प्रभावी प्रसार और जनभागीदारी को बढ़ावा देने में जनमन पत्रिका महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। यह पहल न केवल लोगों को योजनाओं से जोड़ रही है, बल्कि शासन की विकासोन्मुखी सोच और पारदर्शी संवाद व्यवस्था को भी मजबूत बना रही है।






