भारतीय स्टेट बैंक आरसेटी खैरागढ़ में ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण बैच का भव्य समापन
Grand closing ceremony of Beauty Parlour Training Batch at State Bank of India (RSET) Khairagarh
प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को स्वरोजगार अपनाने किया प्रेरित
खैरागढ़, 21 मई 2026
भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान भारतीय स्टेट बैंक आरसेटी खैरागढ़ के द्वारा देवारीभाट स्थित डीपीआरसी भवन में संचालित ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण बैच का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रेम कुमार पटेल तथा आरसेटी निदेशक एवं अग्रणी जिला प्रबंधक सी. एस. ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल स्वरोजगार के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
जिला कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि कौशल विकास एवं स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने कौशल एवं आत्मविश्वास के बल पर आर्थिक रूप से मजबूत बनकर परिवार एवं समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को स्वरोजगार अपनाकर जिले की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बनने का संदेश दिया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रेम कुमार पटेल ने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि ब्यूटी पार्लर जैसे व्यवसाय कम लागत में बेहतर आय का माध्यम बन सकते हैं। वहीं आरसेटी निदेशक एवं अग्रणी जिला प्रबंधक सी. एस. ठाकुर ने प्रशिक्षणार्थियों को बैंकिंग एवं वित्तीय साक्षरता, मुद्रा ऋण योजना एवं डिजिटल बैंकिंग की जानकारी देते हुए वित्तीय अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रशिक्षण के दौरान उन्हें ब्यूटी पार्लर व्यवसाय से संबंधित तकनीकी ज्ञान, ग्राहक व्यवहार, आधुनिक सौंदर्य सेवाएं, स्वच्छता प्रबंधन एवं व्यवसाय संचालन की जानकारी प्राप्त हुई। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन प्रशिक्षण संकाय सदस्य ओम जी मिश्रा एवं अभिषेक तिवारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्यालय सहायक संतोष कुमार करकी का विशेष सहयोग रहा।






