सिविल अस्पताल खैरागढ़ में दिव्यांग शिविर आयोजित, नशा मुक्ति अभियान के प्रति किया गया जागरूक
Disabled camp organized in Civil Hospital Khairagarh, awareness created about drug de-addiction campaign
खैरागढ़, 21 मई 2026
सिविल अस्पताल खैरागढ़ में स्वास्थ्य विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विशेष दिव्यांग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं उनके परिजन उपस्थित हुए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूक करते हुए नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा सभी को नशा से दूर रहने का संकल्प एवं शपथ दिलाई गई।
शिविर में कुल 47 दिव्यांगजनों ने पंजीयन कराया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक जांच के उपरांत 20 हितग्राहियों का 40 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किया गया। वहीं 6 आवेदक निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं पाए जाने के कारण अपात्र घोषित किए गए।
इसके अतिरिक्त 21 दिव्यांगजनों को मानसिक रोग तथा नाक, कान एवं गला संबंधी जटिल समस्याओं के कारण विशेषज्ञ उपचार एवं विस्तृत परीक्षण हेतु मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव रेफर किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि रेफर किए गए मरीजों का आगे विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा परीक्षण कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, दिव्यांग प्रमाण पत्र से मिलने वाली सुविधाओं, पेंशन योजना, उपचार सहायता एवं पुनर्वास सेवाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। उपस्थित हितग्राहियों ने शिविर के माध्यम से मिली सुविधाओं एवं मार्गदर्शन पर संतोष व्यक्त किया।






