सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गीदम की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर जोर      

Emphasis on improving health services of Community Health Center Geedam

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गीदम की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर जोर      

एनक्यूएएस प्रमाणन की तैयारियां तेज

दंतेवाड़ा, 20 मई 2026 कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अजय रामटेके ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गीदम एवं 50 बिस्तरीय मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य अस्पताल की समीक्षा बैठक लेकर स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर संचालन एवं गुणवत्ता सुधार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में डॉ रामटेके ने अस्पताल की ओपीडी सेवाओं का नियमित एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आईपीडी में भर्ती मरीजों की नियमित देखभाल, गुणवत्तापूर्ण भोजन व्यवस्था तथा अस्पताल परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही मरीजों को लैब जांच एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए गए।
बैठक के दौरान आने वाले समय में अस्पताल को एनक्यूएएस (नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड) प्रमाणन दिलाने हेतु आवश्यक तैयारियों और कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने, मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने तथा अस्पताल प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी गीदम डॉ भुवन विजय कुर्रे, जिला क्वालिटी सलाहकार अंकित सिंह, डॉ सविता टागराज सहित चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।