कलेक्टर श्री लंगेह ने किया कलेक्ट्रेट परिसर का औचक निरीक्षण      

Collector Shri Langeh conducted a surprise inspection of the Collectorate premises.

कलेक्टर श्री लंगेह ने किया कलेक्ट्रेट परिसर का औचक निरीक्षण      

भू-अभिलेख रिकॉर्ड रूम को व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के दिए निर्देश
अनाधिकृत व्यक्तियों के रिकॉर्ड रूम में घुसने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी
शौचालय की नियमित सफाई करने एवं स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के निर्देश

महासमुंद, 21 मई 2026
कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने आज कलेक्ट्रेट परिसर का औचक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने  विशेष रूप से भू-अभिलेख रिकॉर्ड रूम की स्थिति का अवलोकन किया एवं रिकॉर्ड को व्यवस्थित, सुरक्षित एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री लंगेह ने स्पष्ट रूप से कहा कि भू-अभिलेख शाखा में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूर्णतः निषेध है। किसी प्रकार की अतिरिक्त राशि या अवैध वसूली की शिकायत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनाधिकृत व्यक्ति किसी भी तरह भू अभिलेख संबंधी कार्य को अंजाम न दे, वरना सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ऐसे लोगों पर कड़ी निगरानी रखने तथा शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री लंगेह ने आम नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अनाधिकृत अथवा बिचौलिये के झांसे में न आएं और सीधे संबंधित कार्यालय से संपर्क कर शासन की निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्य कराएं। इस दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर की स्वच्छता व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया। शौचालय की नियमित साफ सफाई करने के निर्देश दिए। गंदगी पाए जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी टॉयलेट्स की प्रतिदिन कम से कम दो बार फिनाइल से सफाई सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक एक घंटे में टॉयलेट फ्रेशनर का उपयोग कर स्वच्छ वातावरण बनाए रखा जाए।
कलेक्टर ने कहा कि शासकीय कार्यालयों में पारदर्शिता, अनुशासन एवं स्वच्छता प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इस दौरान अपर कलेक्टर द्व्य श्री सचिन भूतड़ा एवं रवि साहू, डिप्टी कलेक्टर श्री आशीष कर्मा एवं मनोज खांडे मौजूद थे।