सुशासन तिहार बना आजीविका का मजबूत सहारा

Good governance festival becomes a strong support for livelihood

सुशासन तिहार बना आजीविका का मजबूत सहारा

शिवशक्ति महिला स्व-सहायता समूह को मिला मत्स्य महाजाल, मीना राजपूत ने जताया आभार

रायपुर,  मई 2026

मुंगेली जिले में आयोजित सुशासन तिहार जरूरतमंद हितग्राहियों के लिए राहत और भरोसे का माध्यम बनता जा रहा है। समाधान शिविर के माध्यम से जिले में विभिन्न विभागों द्वारा आमजनों की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों में शासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो रहा है तथा योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक तेजी से पहुंच रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड पथरिया के ग्राम पंचायत गंगद्वारी में आयोजित समाधान शिविर में शिवशक्ति महिला स्व-सहायता समूह घुठेली की सचिव श्रीमती मीना राजपूत को मत्स्य महाजाल प्रदान कर तत्काल लाभान्वित किया गया।

श्रीमती मीना राजपूत ने शिविर में मछली बीज एवं जाल उपलब्ध कराने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया था। विभाग द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए उन्हें तत्काल मत्स्य महाजाल उपलब्ध कराया गया। साथ ही विभागीय 50 प्रतिशत अंगुलिका संचयन योजना के अंतर्गत जुलाई-अगस्त 2026 में शासकीय मत्स्य बीज प्रक्षेत्र चालान विकासखंड मुंगेली से अनुदान पर मत्स्य बीज प्राप्त करने की जानकारी भी दी गई। मत्स्य महाजाल प्राप्त होने पर श्रीमती मीना राजपूत ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे समूह की आजीविका को नई मजबूती मिलेगी और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से उनकी समस्या का त्वरित समाधान हुआ, जिससे शासन की संवेदनशीलता और जनहितकारी सोच का अनुभव हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।