सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त 264 में से 73 आवेदनों का हुआ निराकरण
Out of 264 applications received under Sushasan Tihar, 73 were resolved
सुकमा। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नागरिकों की समस्याओं के समाधान, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को दिलाने तथा जनता से सीधे संवाद करने के उद्देश्य से शहरी से लेकर ग्रामों तक सुशासन तिहार 2025 का आयोजन किया जा रहा है। सुशासन तिहार 2025 के दूसरे चरण में प्राप्त आवेदनों का विभिन्न विभागों द्वारा युद्ध स्तर पर निराकरण किया जा रहा है।
सुशासन तिहार 2025 के अंतर्गत श्रम विभाग को छिंदगढ़ विकासखंड के ग्राम रोकेल निवासी श्रीमती लक्ष्मी ने अपनी पुत्री को श्रम विभाग की मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सुरक्षा योजना के अंतर्गत लंबित राशि प्राप्त नहीं होने पर शिकायत की थी। श्रम विभाग द्वारा श्री लक्ष्मी से प्राप्त शिकायत सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 20 हजार रूपए की राशि आरटीजीएस के माध्यम से उनकी पुत्री कु. ममता को प्रदान करते हुए लाभान्वित किया गया। श्रीमती लक्ष्मी ने सुशासन तिहार 2025 के अंतर्गत लाभान्वित होने पर शासन-प्रशासन और श्रम विभाग को धन्यवाद ज्ञापित किया।
इसी तरह सुशासन तिहार 2025 में छिंदगढ़ विकासखंड के ग्राम चिड़पाल निवासी श्रीमती भागेश्वरी और श्रीमती दसी ने श्रम विभाग को श्रम कार्ड बनाने के लिए आवेदन किया। प्राप्त आवेदन पर श्रम विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में नवीन पंजीयन निर्माणी श्रमिक के रूप पंजीकृत कर कार्ड प्रदाय किया गया। इसके साथ ही हितग्राहियों को श्रम विभाग की सभी हितग्राहीमूलक योजनाओं से अवगत कराया गया। जिला श्रम अधिकारी श्री सतानंद नाग ने बताया कि सुशासन तिहार में श्रम विभाग को कुल 264 आवेदन प्राप्त हुए हैं जिनमें से 73 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। बाकी आवेदन पत्रों का सत्यापन कर गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जा रहा है।






