गौरेला पेंड्रा मरवाही : धान खरीदी केंद्र नवागांव, कोडगार और बस्ती का कलेक्टर ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया
Gaurela Pendra Marwahi: Collector inspected the paddy procurement centres of Navagaon, Kodgar and Basti and took stock of the arrangements.
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 29 नवम्बर 2025
कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने शुक्रवार को धान उपार्जन केंद्र कोडगार, बस्ती और नवांगाव का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने धान बेचने आए किसानों से चर्चा की तथा उनसे धान का फसल लिए गए रकबा और उनके द्वारा कटाए गए टोकन के बारे पूछताछ किया। उन्होंने किसानों द्वारा लाए गए धान की गुणवत्ता तथा नमी की जांच किया। उन्होंने समिति प्रबंधकों को किसानों की सहूलियत के लिए धान विक्रय हेतु टोकन काटने के लिए बनाए गए नियम के तहत सीमान्त किसान हेतु 2 एकड़ तक के भूमि के लिए 1 टोकन, लघु किसान हेतु 2 से 10 एकड़ तक के लिए 2 टोकन और दीर्घ किसान हेतु 10 एकड़ से अधिक भूमि के लिए 3 टोकन काटे जाने की जानकारी से अवगत कराने कहा। उन्होंने टोकन तुंहर हाथ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन प्राप्त करने वाले किसानों के बारे में पूछा और किसान पंजीयन के लिए बढ़ाए गए तिथि की जानकारी से किसानों को अवगत कराने और नियमित रूप से रकबा समर्पण कराने निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रों में उपार्जित धान के समुचित रख-रखाव के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे उपस्थित थे।






