गौरेला पेंड्रा मरवाही : ग्राम करंगरा में संध्या चौपाल का आयोजन : मूलभूत समस्याओं के तत्काल निराकरण हेतु कार्ययोजना बनाकर अमल करने के निर्देश

Gaurela Pendra Marwahi: Sandhya Chaupal organized in village Karangra: Instructions to prepare and implement an action plan for immediate resolution of basic problems.

गौरेला पेंड्रा मरवाही : ग्राम करंगरा में संध्या चौपाल का आयोजन : मूलभूत समस्याओं के तत्काल निराकरण हेतु कार्ययोजना बनाकर अमल करने के निर्देश

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 29 नवम्बर 2025

ज़िला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग द्वारा शुक्रवार को ग्राम पंचायत धनौली के बैगा बाहुल्य मोहल्ला करंगरा में संध्या चौपाल का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य स्थानीय निवासियों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा। चौपाल में करंगरा मोहल्ले और आस-पास के क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं को अधिकारियों के सामने रखा, जिनमें मुख्य रूप से पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने से संबंधित शिकायतें शामिल रहे। सीईओ ज़िला पंचायत ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली और मूलभूत समस्याओं के तत्काल निराकरण के लिए कार्ययोजना बनाकर उस पर शीघ्र अमल करने कहा।

              सीईओ ज़िला पंचायत ने कहा कि ज़िला प्रशासन अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुँचने और उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। संध्या चौपाल में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने ग्रामीणों को आदिवासी उत्थान और कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी और सुनिश्चित किया कि पात्र लोगों को उनका लाभ मिले। उन्होंने संध्या चौपाल में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे चौपाल में प्राप्त आवेदनों और समस्याओं को समय-सीमा में हल करें। यह संध्या चौपाल प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे बैगा बाहुल्य क्षेत्रों के विकास को गति मिलेगी।