40 करोड़ के फोरलेन में एल शेप में बना दिया डिवाइडर, एमपी में PWD इंजीनियरों का कारनामा

Divider made in L shape in four lane worth 40 crores, feat of PWD engineers in MP

40 करोड़ के फोरलेन में एल शेप में बना दिया डिवाइडर, एमपी में PWD इंजीनियरों का कारनामा

 भोपाल। लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर कितने काबिल हैं, इस बात का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि उन्होंने कोलार सीआई स्क्वायर के सामने 40 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जा रही फोरलेन सड़क में सीधे के बजाए एल शेप में डिवाइडर बना दिया।

यह देखकर कहना गलत नहीं होगा कि पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों ने अपनी योग्यता का परिचय एल शेप में डिवाइडर बनाकर दिया है। उनकी यह कलाकारी यकीनन वाहन चालकों के लिए हादसे का सबब बनेगी।

इंजीनियरों को नहीं नियमों की जानकारी

लगता है कि पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों को इंडियन रोड कांग्रेस के नियमों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। यही वजह है कि कोलार सिक्सलेन हो या डा. भीम राव अंबेडकर फ्लाईओवर हर जगह कोई न कोई खामी सामने जरूर आई है।

सोमवार को सीआइ स्क्वायर के सामने एल शेप में बने डिवाइडर को लेकर कांग्रेस नेता राहुल सिंह राठौर ने भोपाल कलेक्टर और लोक निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर संजय मस्के को फोटो और वीडियो भेजकर शिकायत दर्ज कराई।

सफाई… इसलिए डिवाडर को एल शेप में बनाया

पीडब्ल्यूडी के ईई आरके गुप्ता ने बताया कि सड़क के कुछ हिस्से को लेकर कोर्ट का स्टे है। इसलिए डिवाडर को एल शेप में बनाया गया था। मंगलवार को डिवाइडर तोड़कर उधर सुधार किया जाएगा।

गौरतलब है कि शाहपुरा शिव मंदिर से सीआई चौराहा तक बनाई जा रही फोरलेन सड़क करीब पांच किलोमीटर लंबी है। दानिश चौराहा और सीआइ चौराहे के पास कुछ काम बचा है। सीआइ चौराहे से कुछ दूर ही हाल ही में डिवाइडर भी बनाया गया है। इस डिवाइडर के आगे करीब 20 मीटर के हिस्से में सड़क नहीं बन सकी है।