जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम पंचायत तुड़पारास का किया निरीक्षण

District Panchayat CEO inspected Gram Panchayat Tudparas

जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम पंचायत तुड़पारास का किया निरीक्षण

विकास कार्यों, आंगनवाड़ी एवं योजनाओं की प्रगति की ली जानकारी
 
दंतेवाड़ा, 02 जनवरी 2026 जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा ने आज ग्राम पंचायत तुड़पारास  का निरीक्षण कर पंचायत क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री नाहटा ने ग्राम पंचायत में चल रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन करते हुए उनकी गुणवत्ता, प्रगति एवं निर्धारित समय-सीमा की जानकारी ली। उन्होंने कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया, जहां बच्चों तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को दी जा रही सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। आवश्यक सुधार हेतु संबंधित कर्मचारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सीईओ ने हितग्राहियों से संवाद किया तथा आवास निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कर पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही जल शक्ति अभियान के अंतर्गत किए जा रहे जल संरक्षण एवं संवर्धन कार्यों का निरीक्षण किया गया। सीईओ श्री नाहटा ने जल स्रोतों के संरक्षण, संवर्धन एवं ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने हेतु योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान पंचायत एवं विभागीय अधिकारी, सरपंच, सचिव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे। सीईओ श्री नाहटा ने कहा कि शासन की योजनाओं का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना है तथा इन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।