अवैध मछली बाजार पर चला बीएसपी का बुलडोजर, विरोध के बीच अतिक्रमण हटाया

BSP's bulldozer ran on illegal fish market, encroachment removed amid protest

अवैध मछली बाजार पर चला बीएसपी का बुलडोजर, विरोध के बीच अतिक्रमण हटाया

भिलाई। टाउनशिप की सड़कों पर लगने वाले अवैध बाजार और ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए बीएसपी (भिलाई स्टील प्लांट) के नगर सेवा विभाग ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। सेक्टर-6 ई-मार्केट के सामने वर्षो से अवैध रूप से चल रहे मछली बाजार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया।

इस कार्रवाई के दौरान कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ता जिला मंत्री बबलू सिंह के नेतृत्व में मछली व्यापारियों के समर्थन में पहुंच गए। उन्होंने विरोध करते हुए कहा, "अगर बाजार हटाना है, तो पहले 32 बंगले के बड़े अवैध कब्जे हटाओ।"


बीएसपी की इस कार्रवाई में मछली मार्केट के बांस-बल्ली से बने अस्थायी ढांचे और ई-मार्केट के सामने लगने वाले फास्टफूड और ठेलों को भी हटा दिया गया। अधिकारियों ने वहां जेसीबी से गड्ढे खुदवाए ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो।


मछली व्यापारियों को कार्रवाई से पहले मछलियां हटाने का समय दिया गया, जिससे उनका सामान सुरक्षित रहे। हालांकि, व्यापारियों ने शिकायत की कि उन्हें अधिक समय मिलता तो वे स्वयं अतिक्रमण हटा लेते।

भाजपा नेता ने की सराहना:
भाजपा नेता महेंद्रपाल सिंह उर्फ बब्लू ने इस कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए कहा कि बीएसपी का यह कदम सराहनीय है। उन्होंने कहा, "सड़कों पर अवैध बाजार के कारण ट्रैफिक जाम और दुर्गंध की समस्या थी। इस कार्रवाई से स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को राहत मिलेगी।"

विहिप का विरोध:
दूसरी ओर, विहिप के जिला मंत्री बबलू सिंह ने कहा कि यह कार्रवाई गरीबों पर अत्याचार है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं रोकी गई, तो वे पुतला दहन करेंगे और बड़े आंदोलन की तैयारी करेंगे।

प्रशासन की प्रतिक्रिया:
बीएसपी प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि टाउनशिप में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ यह कार्रवाई जारी रहेगी। उनका कहना है कि चाहे किसी की भी पहुंच हो, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद सेक्टर-6 ई-मार्केट और आसपास के क्षेत्रों में राहत महसूस की जा रही है। वहीं, विहिप और व्यापारियों के विरोध के चलते यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है।