महाराष्ट्र में सरकार बनाने की तैयारी में भाजपा, फडणवीस ने शिंदे तो अमित शाह ने पवार को किया फोन, जानिए क्या हुई गुप्त बात

BJP is preparing to form government in Maharashtra, Fadnavis called Shinde and Amit Shah called Pawar, know what secret was discussed

महाराष्ट्र में सरकार बनाने की तैयारी में भाजपा, फडणवीस ने शिंदे तो अमित शाह ने पवार को किया फोन, जानिए क्या हुई गुप्त बात

मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन ऐतिहासिक जीत की तरफ आगे बढ़ता नजर आ रहा है। अभी मतगणना पूरी नहीं हुई है, लेकिन दोपहर 3 बजे तक के रुझानों में महायुति 220 से ज्यादा सीटों पर आगे चल रही है। महायुति में 129 सीटों के साथ बीजेपी सबसे आगे चल रही है। दूसरे नंबर पर 55 सीटों के साथ एकनाथ शिंदे की शिवसेना और 40 सीटों के साथ तीसरे नंबर पर अजित पवार की एनसीपी चल रही है।

इधर महाराष्ट्र में जीत को देखते हुए भाजपा ने साथियों के साथ मंथन शुरू कर दिया है। महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद को लेकर रेस शुरू हो गई है। कुछ देर पहले उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एकनाथ शिंदे से बात की तो वहीं इसके कुछ देर बाद गृहमंत्री अमित शाह ने अजित पवार से बात की।

भाजपा अपने साथी दलों का मन टटोलने में लगी हुई है। माना जा रहा है कि भाजपा अपनी लैंडस्टाइड विक्ट्री को देखते हुए देवेंद्र फडणवीस को आगे कर सत्ता में काबिज होने की तैयारी में जुट गई है। बीजेपी ने देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री बनाने का मन बना लिया है जिसके लिए भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने गठबंधन के साथी दलों से बातचीत शुरू कर दी है।

अमित शाह ने अजित पवार से की बात

मतगणना के बीच एनसीपी प्रमुख और उपमुख्मंत्री अजित पवार ने गृहमंत्री अमित शाह से पूरे 25 मिनट तक बात की है। इस बातचीत से पहले अजित पवार की पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार का भी बयान सामने आया था। सुनेत्रा पवार ने कहा था कि यह महाराष्ट्र की जनता, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और बारामती के लिए सौभाग्य का दिन है। उन्होंने कहा कि मैं वही चाहती हूं, जो महाराष्ट्र की जनता चाहती है कि अजित पवार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनें।

सीएम फेस तीनों दल मिलकर करेंगे तय

इधर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना की तरफ से भी बयानबाजी शुरू हो गई है। चुनाव के पहले ऐसा तय हुआ था कि जिसकी ज्यादा सीट होगी मुख्यमंत्री उसका होगा तो इस पर सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि ‘ऐसा तय नहीं हुआ कि जिसकी ज्यादा सीट होगी, उसका ही मुख्यमंत्री होगा। चुनाव परिणाम के अंतिम आंकड़े आने के बाद गठबंधन में शामिल सभी पार्टियां बैठकर बात करेंगी, तब मुख्यमंत्री का नाम तय किया जाएगा।’

एकनाथ शिंदे को सीएम बनाने की मांग

एकनाथ शिंदे से पहले शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के का बयान आया। सांसद म्हस्के ने एकनाथ शिंदे को दोबारा महाराष्ट्र का सीएम बनाने की मांग की। म्हस्के ने कहा कि ‘महाराष्ट्र चुनाव के नतीजे महायुति के लिए लैंडस्लाइड विक्ट्री की तरह हैं। इसलिए एकनाथ शिंदे को ही महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिवसेना कार्यकर्ता होने के नाते मैं चाहता हूं कि एकनाथ शिंदे एक बार फिर महाराष्ट्र की बागडोर संभालें।