संविधान बचाने की बात करने वालों ने ही इसकी मूल भावना बदल दी : योगी आदित्यनाथ
Those who talked about saving the Constitution have changed its basic spirit: Yogi Adityanath
लखनऊ । योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महाकुंभ में इस गैलरी के जरिए यह प्रयास किया गया है कि मेले में आने वाले लोगों को संविधान के निर्माण, लागू होने और इसके अनुच्छेद के बारे में जानकारी हो। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि जो लोग आज संविधान बचाने की बात कर रहे हैं, उन्होंने ही संविधान की मूल भावना को बदल दिया था और उन्हें यहां महाकुंभ में आकर देखना चाहिए कि संविधान का वास्तविक सम्मान क्या होता है और कैसे होता है। महाकुंभ में मौनी अमावस्या स्नान की तैयारियों की समीक्षा करने आये मुख्यमंत्री ने पुलिस गैलरी का अवलोकन करने के बाद सेक्टर-चार में त्रिवेणी मार्ग पर स्थित संविधान गैलरी का रुख किया जहां उन्होंने भारतीय संविधान पर आधारित पुस्तकों, ग्रंथों के पुस्तकालय समेत अन्य प्रमुख प्रदर्शनी को देखा।
मुख्यमंत्री ने कहा, “संविधान हमारे लिए आदर्श है। पूरे देश का संचालन इसी से होता है। कोई भी समाज संविधान और इसकी विधियों के बिना नहीं चलता है। संविधान गैलरी जैसे प्रयासों से नयी पीढ़ी को इसके बारे में अवगत कराने में मदद मिलेगी।” योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महाकुंभ में इस गैलरी के जरिए यह प्रयास किया गया है कि मेले में आने वाले लोगों को संविधान के निर्माण, लागू होने और इसके अनुच्छेद के बारे में जानकारी हो। उन्होंने कांग्रेस पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा, “एक पार्टी ने लगातार 55 वर्षों तक निजी हितों के लिए संविधान में संशोधन किए।
इन लोगों ने संविधान की मूल भावना को बदल दिया। जो लोग संविधान हाथ में लेकर शपथ लेने का नाटक करते हैं, उनके घर में ना तो संविधान की मूल प्रति होगी और ना ही उन्होंने कभी संविधान पढ़ा होगा।” संविधान गैलरी में लगी प्रदर्शनी में चित्रों और प्रतिकृतियों के माध्यम से भारतीय संविधान के निर्माण से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं, दस्तावेजों और व्यक्तित्वों के योगदान के बारे में जानकारी प्रदर्शित की गई है। यहां ऑडियो के माध्यम से संविधान सभा की परिचर्चा को भी प्रस्तुत किया जा रहा है।






