नए साल की शुरुआत से पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी, UP व MP में कोहरे की मार
Snowfall in hilly states since the beginning of new year, fog in UP and MP
इंदौर। नए साल के पहले दिन से ही उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंड ने लोगों को कंपकंपा दिया है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी से तापमान में गिरावट देखी गई है।
मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में घने कोहरे की वजह से विजिबिलिटी काफी कम होग गई है। विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के 40 जिलों में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम हो गई, जिससे यातायात में परेशानी आई।
घना कोहरा और ट्रेनों की देरी
उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और हरियाणा में घने कोहरे के कारण कई स्थानों पर दृश्यता में भारी कमी आई। उत्तर प्रदेश के 40 जिलों में कोहरे के कारण 100 मीटर से अधिक दूर देखना मुश्किल हो गया। मध्य प्रदेश के भोपाल-उज्जैन सहित कई शहरों में विजिबिलिटी 100 मीटर दर्ज की गई।
इसके परिणामस्वरूप हरियाणा में 30 ट्रेनें प्रभावित हुईं, जिसमें से 19 ट्रेनें 30 मिनट से लेकर 6 घंटे तक देरी से चलीं और 11 ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं। हरियाणा के 13 जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में तापमान में गिरावट
राजस्थान के तीन शहरों में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से भी कम दर्ज किया गया। माउंट आबू में पारा 2.2 डिग्री तक गिर गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और गिर सकता है।
जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में तापमान माइनस 11.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, वहीं पहलगाम में यह माइनस 8.4 डिग्री तक रहा। हिमाचल प्रदेश में भी 6 दिन तक बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश में रहेगा कोहरे का असर (Weather Of MP)
मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला का कहना है कि यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है। प्रदेश के भोपाल, राजगढ़ और उज्जैन में सबसे कम दृश्यता 50 मीटर दर्ज की गई। इसके अलावा ग्वालियर, रतलाम और नर्मदापुरम में 200 मीटर, रायसेन में 500 मीटर और इंदौर में एक किलोमीटर दर्ज हुई। वहीं पूर्वी मप्र के इलाकों में खजुराहो व नौगांव में 500 मीटर, रीवा और मंडला में एक किलोमीटर दृश्यता रही।






