रेडक्रॉस सदस्यता अभियान 5 से 30 जून तक, लोगों से जुड़ने की अपील
Red Cross membership campaign from 5 to 30 June, appeal to people to join
अम्बिकापुर। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा सरगुजा द्वारा दान एवं विशेष सदस्यता अभियान माह मई 2025 से प्रारंभ कर दिया गया है। यह अभियान 5 जून से 30 जून 2025 तक संचालित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य आमजन को रेडक्रॉस की मानवसेवी गतिविधियों से जोड़ना और जरूरतमंदों तक राहत व सेवाएं पहुंचाना है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी सह महासचिव छत्तीसगढ़ राज्य शाखा, रायपुर के निर्देशानुसार यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से संरक्षक, उप संरक्षक एवं आजीवन सदस्य बनाए जा रहे हैं।
रेडक्रॉस सोसायटी पूर्णतः दानदाताओं के सहयोग से संचालित संस्था है, जिसे शासन से पृथक से कोई बजट प्राप्त नहीं होता। संस्था द्वारा मेडिकल स्टोर, ब्लड सेंटर, वृद्धाश्रम, अपंग कल्याण केंद्र, स्वास्थ्य परामर्श, नेत्र व विकलांग शिविर, एम्बुलेंस-शव वाहन सेवा, आपदा राहत सामग्री वितरण, स्वयंसेवक प्रशिक्षण जैसी सेवाएं संचालित की जाती हैं।
कलेक्टर विलास भोसकर ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रेडक्रॉस की सदस्यता लेकर संस्था की सेवाओं को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस जैसी संस्था के माध्यम से जरूरतमंदों को समय पर मदद पहुंचाई जा सकती है, अतः समाज के सभी वर्गों को इससे जुड़ना चाहिए।
रेडक्रॉस में सदस्यता के लिए निम्नानुसार राशि निर्धारित की गई है जिसमें संरक्षक सदस्यता ₹25,000, उप संरक्षक सदस्यता ₹12,000 और आजीवन सदस्यता ₹1,000 है। इच्छुक व्यक्ति निर्धारित राशि के साथ रेडक्रॉस सोसायटी का फार्म एवं आधार कार्ड की छायाप्रति कार्यालयीन समय में प्रस्तुत कर सदस्य बन सकते हैं।
सदस्यता हेतु संपर्क कर सकते हैं एच.पी. नापित, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, सरगुजा मोबाइलः 9826650840 है। यह अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग से सहयोग की अपेक्षा करता है ताकि रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से अधिक से अधिक जरूरतमंदों को राहत एवं सेवा प्रदान की जा सके।






