बारिश से पहले दूरस्थ पीडीएस दुकानों में राशन भंडारण की व्यवस्था करें : कलेक्टर

Make arrangements for storing ration in remote PDS shops before the rains: Collector

बारिश से पहले दूरस्थ पीडीएस दुकानों में राशन भंडारण की व्यवस्था करें : कलेक्टर

कलेक्टर की अध्यक्षता में समय सीमा की बैठक सम्पन्न

अम्बिकापुर। कलेक्टर विलास भोसकर की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई, बैठक में सुशासन तिहार 2025 के तहत निराकृत एवं लंबित आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों का शीघ्र, पारदर्शी और नियमानुसार निराकरण करें।

जिले में सुशासन तिहार के तहत विभिन्न मांग एवं शिकायतों के 1,63,828 आवेदन प्राप्त हुए थे। जिनमें से 1,63,638 आवेदनों का निराकरण कर संबंधित हितग्राहियों को जानकारी दी गई है। शेष 159 लंबित आवेदन को नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने विभाग द्वारा संचालित शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को मिले, इसके लिए सभी विभाग को बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जिले में खाद बीज की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को छोटे बड़े सभी किसानों को आवश्यकता अनुसार खाद बीज उपलब्धता सुनिश्चित करने को निर्देशित किया है। उन्होंने खाद्य विभाग को बारिश प्रारम्भ होने के पूर्व दूरस्थ व पहाड़ी क्षेत्रों में पीडीएस दुकानों में राशन सामग्री की भंडारण की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को बारिश के मौसम में संभावित सर्पदंश की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए एंटी स्नेक वेनम की उपलब्धता हर स्वास्थ्य केंद्र में सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य अमले को सतर्क रहने और समय पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने एफआरए (वन अधिकार अधिनियम) प्रकरणों का नियमानुसार शीघ्र समाधान करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने पीएम आवास योजना, पीएम जनमन, आयुष्मान भारत कार्ड जैसी केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर दिया, ताकि योजनाओं का लाभ अधिकतम पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे। कलेक्टर ने समय सीमा के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

समय-सीमा की बैठक में डीएफओ अभिषेक जोगवात, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक, राम सिंह ठाकुर, अमृत लाल ध्रुव, निगम कमिश्नर डी एन कश्यप, सर्व एसडीएम सहित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।