प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण : 105 ग्राम पंचायतों में सामूहिक रूप से आवास तिहार का आयोजन
Pradhan Mantri Awas Yojana-Gramin: Awas Tihar organized collectively in 105 Gram Panchayats
611 हितग्राहियों ने किया भूमि पूजन
महासमुंद 20 फरवरी 2026
जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार आवास निर्माण को गति देने के लिए आवास तिहार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत कुल 13,754 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से प्रथम किस्त जारी होने के बावजूद 3,274 आवास अब तक अप्रारंभ थे।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हेमंत नंदनवार द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष अभियान चलाकर अप्रारंभ आवासों का ले-आउट कर निर्माण प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत महासमुंद श्री बरनसिंग मंडावी के नेतृत्व में महासमुंद विकासखंड के 105 ग्राम पंचायतों में सामूहिक रूप से आवास तिहार का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत 19 फरवरी को जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में स्वीकृत अप्रारंभ आवासों का शुभारंभ करते हुए 611 हितग्राहियों से भूमि पूजन एवं नींव खुदाई कराई गई।
जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत भोरिंग में आयोजित जन चौपाल में श्री मंडावी द्वारा शासन की महत्वाकांक्षी योजना को समय-सीमा में पूर्ण करने हेतु हितग्राहियों को प्रोत्साहित किया गया। उन्होंने हितग्राहियों से निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक, तकनीकी सहायक, सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक एवं आवास मित्र सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही।






