बिलासपुर में नियमों से खिलवाड़: बिना पहचान की रफ्तार, कब किसे रौंद दे
Playing with rules in Bilaspur: Speed without any identification, who will get crushed anytime
बिलासपुर। शहर और आउटर क्षेत्रों में बिना नंबर प्लेट के बेलगाम दौड़ते भारी वाहन न केवल नियमों को ठेंगा दिखा रहे हैं, बल्कि लोगों की जिंदगी को भी खतरे में डाल रहे हैं। परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की अनदेखी से यह लापरवाही गंभीर हादसों को दावत दे रही है।
इन वाहनों पर परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की नजर तो है, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही। यह न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सड़क पर लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बना हुआ है।
आरोप यह भी लग रहे कि, इन वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टर्स की ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग से तगड़ी सांठगांठ है। इस वजह से ऐसे भारी वाहनों पर कार्रवाई करने से ये दोनों विभाग कतराते नजर आते हैं।
कर रहे नियमों की अनदेखी
निर्माण सामग्री और कंक्रीट मिक्सर मशीनें भी बिना नंबर के बेधड़क दौड़ रही हैं। इन वाहनों के चालकों द्वारा लापरवाह तरीके से गाड़ियां चलाने के कारण दुर्घटनाओं की आंशका बढ़ गई है।
नागरिकों की प्रतिक्रिया
इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए: अभिनव lजबड़ापारा निवासी अभिनव शुक्ला का कहना है कि, बिना नंबर वाले भारी वाहन लगातार दिखते हैं। अगर कोई दुर्घटना हो जाए तो इनकी पहचान ही नहीं हो सकेगी। इसे गंभीरता से लेना होगा। प्रशासन को तत्काल सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
भारी वाहनों का दौड़ना बेहद खतरनाक: तेजस lसरकंडा के तेजस पांडेय का कहना है कि रोजाना बाजार जाते समय तेज रफ्तार से चलते इन भारी वाहनों को देखकर डर लगता है। कई बार ऐसे वाहन शहर में लापरवाही से चलते हैं, जिससे हादसे होते-होते बचते हैं। बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह खतरनाक हैं।
ऐसे वाहनों की लगातार करनी चाहिए जांच: योगेश lचिंगराजपारा निवासी योगेश ठाकुर निवासी अमित सिंह का कहना है कि, यातायात पुलिस और परिवहन विभाग को इन वाहनों की सख्त जांच करनी चाहिए। नियमों का पालन कराना जरूरी है, वरना सड़क हादसे बढ़ सकते हैं।






