सुशासन दिवस सह कृषक सम्मलेन का आयोजन
Organizing Good Governance Day cum Farmers Conference
200 से अधिक किसानों ने लिया हिस्सा
सुकमा। कृषक उन्नति योजना के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दिनांक रविवार को कृषि विज्ञान केन्द्र, कृषि विभाग तथा सहकारिता विभाग के संयुक्त तत्वाधान में कृषि विज्ञान केन्द्र सुकमा के सभागार में एक दिवसीय सुशासन दिवस सह कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मुख्य अतिथि जनप्रतिनिधि धनीराम बारसे, जनपद उपाध्यक्ष डमरू नाग, जनप्रतिनिधि श्री चौहान, भूतपूर्व सरपंच परदेसी नाग, मुक्का राम नाग, किसान मित्र धरम नाग तथा अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कृषि विज्ञान केन्द्र सुकमा में जिले के लगभग 200 से अधिक किसानों ने सुशासन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। कृषि विभाग के उप संचालक पीआर बघेल ने कृषि के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए किसानों को कृषि विभाग के द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया व रासायनिक उर्वरक का उपयोग कम से कम करके जैविक खाद का उपयोग करने कहा। केवीके के वरिष्ठ वैज्ञानिक प्रमुख एचएस तोमर ने रबी फसलों के बारे में विस्तार से जानकारी दी साथ ही बैंगन, टमाटर एवं अन्य सब्जियों के उत्पादन तकनीक के बारे में किसानों को जानकारी प्रदान की। पौध रोग विशेषज्ञ राजेन्द्र प्रसाद कश्यप ने रबी फसलों में लगने वाले बीमारियों व उसके प्रबंधन के बारे में किसानों को सचेत रहने की शिक्षा प्रदान की।
इसी तारतम्य में छिंदगढ़ विकासखण्ड में भी सुशासन दिवस के अवसर पर कृषक गोष्ठी कार्यक्रम आयोजित कर प्रगतिशील कृषकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में कृषकों को विभिन्न योजनाओं एवं उन्नत कृषि की जानकारी देकर लाभदायक खेती करने हेतु प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अथिति के रूप में मनोज दूधी समिति अध्यक्ष ,जनप्रतिनिधि चिरजिवी मांडवी छिंदगढ़, अमर पोयम, देवाराम, सरपंच गंजेनार, सोमाराम सरपंच चिपुरपाल आयताराम, रामलाल ध्रुव उपस्थित थे। कार्यक्रम में कृषकों को मत्स्य पालन से संबंधित मार्गदर्शन डॉ संजय सिंह राठौर वैज्ञानिक, कृषि यंत्रीकरण के संदर्भ में डॉ परमानंद साहू वैज्ञानिक कृषि अभियांत्रिकी कृषि विज्ञान केन्द्र सुकमा एवं खेती संबंधी मार्गदर्शन नरेश कुमार साहू वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के द्वारा प्रदान किया गया। कोंटा विकासखण्ड में भी किसान गोष्ठी सह सम्मेलन कार्यक्रम कृषि विभाग के नेतृत्व में सामुदायिक भवन कोंटा में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को केंद्र व राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करवाना है। इसके साथ ही 12 समितियों के अनुसार टॉप किसानों को साल एवं श्रीफल देकर सम्मानित करना है। कृषक गोष्ठी मे कृषि विज्ञान केन्द्र के कीट वैज्ञानिक डॉ योगेश कुमार सिदार ने केंद्र की भूमिका व फसलों लगने वाले कीड़े व बीमारी का एकीकृत कीट प्रबंधन के संदर्भ में बताया। सहायक मृदा परीक्षण अधिकारी श्री कैलाश मरकाम ने कृषि विभाग की नई योजनाओं के बारे में कोंटा के किसानों को विस्तार से बताया। विभाग से वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी संतोष तालाडी, विनोद पटेल एवं कृषक मित्र उपस्थित हुए।






