युवा महोत्सव : 350 से अधिक छात्रों ने कार्यक्रम में लिया भाग
Youth Festival: More than 350 students participated in the program
सुकमा। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के मार्गदर्शन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वाधान में जिला स्तरीय खेल महोत्सव का आयोजन पुराना कलेक्ट्रेट भवन में किया गया। महोत्सव का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश कवासी, विश्वराज चौहान, संजय सोढ़ी, नूपुर वैदिक एवं विवेक यादव की उपस्थिति में किया गया। युवा महोत्सव में विभिन्न विधाओं के अंतर्गत विकास खंडस्तरीय खेल महोत्सव के विजेता प्रतिभागियों के द्वारा विभिन्न प्रस्तुतियाँ दी गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश कवासी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद को प्रेरणास्रोत मानकर सभी युवा अपने कठिन परिश्रम और लगन से अपना लक्ष्य हासिल करें। जीवन में पढ़-लिखकर आगे बढ़ें और क्षेत्र और जिले का नाम रोशन करें। इसी तरह से जनप्रतिनिधि विश्वराज चौहान, संजय सोढ़ी और नूपुर वैदिक ने भी छात्रों को कठिन परिश्रम और लगन के साथ शिक्षा के क्षेत्र आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में सामूहिक लोकनृत्य में छिंदगढ़ विकासखंड से डेविड व साथियों ने बेहतर प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी तरह से सामूहिक लोकगीत में नवोदय विद्यालय सुकमा, कविता में श्रेया चांडक, चित्रकला में हिरमा मंडावी, कहानी लेखन में आकांक्षा चंद्रवंशी, विज्ञान मेला में सेजेस सुकमा, कृषि मेला में सेजेस सुकमा हिंदी, व्यक्तिगत लोकनृत्य में प्रियंका बट्टी, तात्कालिक भाषण में शिवानी परिहार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को जनप्रतिनिधियों के द्वारा ट्राफी, प्रमाण पत्र और नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर दादा जोकाल, प्राचार्य श्री सिदार, जिला खेल अधिकारी वीरुपाक्ष पौराणिक, रेशमा परवीन, सुशील मरकाम, श्रीमती अनिता, दीपक, अनिल और नेहरु युवा केंद्र संगठन के सदस्य सहित शिक्षकगण और छात्र छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।






