सुशासन तिहार के अंतिम शिविर में शामिल हुईं प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक
Principal Secretary Mrs. Niharika Barik attended the final camp of Good Governance Tihar
महासमुंद, 5 जून 2026
सुशासन तिहार के तहत जिले में आयोजित अंतिम समाधान शिविर में आज प्रमुख सचिव एवं जिले की प्रभारी सचिव श्रीमती निहारिका बारिक शामिल हुईं। नगर के टाउन हॉल में आयोजित इस शिविर में उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव ने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है, जिसके माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती बारिक ने गर्भवती माताओं एवं बच्चों को सुपोषण टोकरी वितरित कर उनके बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए संचालित गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी और विभागीय समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका है।
शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष श्री निखिलकांत साहू, कलेक्टर श्री विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हेमंत नंदनवार एवं स्थानीय पार्षदगण उपस्थित रहे। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदनों की स्थिति जानी। जिले में आयोजित सुशासन तिहार के इस अंतिम शिविर में जनसहभागिता और उत्साह का विशेष माहौल देखने को मिला। अंतिम शिविर में भी बड़ी संख्या में हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।






