ऑल इंडिया सिगलीगर सिख प्रीमियर लीग के फाइनल में नर्मदापुरम टीम की ऐतिहासिक जीत
Narmadapuram team wins the All India Sigligar Sikh Premier League final
रायपुर। क्रिकेट केवल एक खेल नहीं, बल्कि युवाओं को सही दिशा देने, अनुशासन सिखाने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का सशक्त माध्यम है।
इसी उद्देश्य को साकार करता हुआ ऑल इंडिया सिंगलीगर सिख प्रीमियर लीग (SPL) का ऐतिहासिक फाइनल मुकाबला आज 18 जनवरी को रायपुर के एमबीपीएल ग्राउंड सरोना रोड में संपन्न हुआ।
गुरुद्वारा श्री कलगीधर साहिब, आमनाका रायपुर के युवा सेवादारों द्वारा, शहीद श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित इस अखिल भारतीय क्रिकेट आयोजन के फाइनल में नर्मदापुरम की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नागपुर की टीम को पराजित कर SPL ट्रॉफी और नगद पुरस्कार पर कब्जा जमाया।
फाइनल मुकाबले को देखने के लिए हजारों क्रिकेट प्रेमी मैदान में मौजूद रहे। रोमांच, जोश और खेल भावना से भरे इस मुकाबले ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और युवाओं में खेल के प्रति नया उत्साह जगाया।
खेल के माध्यम से नशा मुक्त समाज की पहल
13 जनवरी से प्रारंभ हुई इस अखिल भारतीय SPL प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आई टीमों ने भाग लिया। पांच दिनों तक चले कड़े मुकाबलों के बाद नागपुर और नर्मदापुरम ने फाइनल में जगह बनाई। यह प्रतियोगिता केवल जीत-हार तक सीमित नहीं रही, बल्कि सिख युवाओं को नशे से दूर रखने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने और उनकी खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने का प्रेरणादायी प्रयास बनी। समाज की सामूहिक भागीदारी से इस आयोजन को नई ऊर्जा और मजबूती मिली।
समाज का अभूतपूर्व सहयोग
इस आयोजन को सफल बनाने में समाज के वरिष्ठजनों, गणमान्य नागरिकों, आयोजक मंडल, महिलाओं एवं युवाओं का सराहनीय योगदान रहा। समाज के अनेक लोगों ने तन, मन और धन से सहयोग कर इसे एक ऐतिहासिक आयोजन बनाया।
गुरुद्वारा श्री कलगीधर साहिब के प्रधान सरदार तिलक सिंह, सरदार रंधावा सिंह बावरी, हरपाल सिंह भामरा, विजय सिंह, रिंपी सिंह सहित आयोजन समिति के वरिष्ठ एवं युवा सदस्य लगातार सक्रिय रहे।
विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
फाइनल अवसर पर SGPC धर्म प्रचार कमेटी छत्तीसगढ़ के प्रमुख गुरमीत सिंह सैनी, SGPC अमृतसर के अजीत सिंह, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, संजय सिंघल, सुबोध हरितवाल, छत्तीसगढ़ सिख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा, छत्तीसगढ़ सिख संगठन के संस्थापक हरपाल सिंह भामरा, अध्यक्ष दलजीत सिंह चावला, गुरमीत सिंह टोनी, गुरुद्वारा देवपुरी के प्रधान कुलवंत सिंह सैनी, मीत प्रधान रसपाल सिंह संधू, गुरुद्वारा सच्चा सौदा के प्रधान प्रीतम सिंह खालसा, छत्तीसगढ़ सिख ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन के संयोजक जी.एस. भामरा सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी व नगद पुरस्कार प्रदान किए।
शहीदी परंपरा से जुड़ा संदेश
गुरुद्वारा श्री कलगीधर साहिब के युवा सेवादारों द्वारा आयोजित यह SPL क्रिकेट लीग, शहीद श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के बलिदान, साहस और मानवता के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनी।
खेल के जरिए युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी का संचार इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि रही।






