सांसद खेल महोत्सव 24 और 25 दिसम्बर को, कलेक्टर ने लगाई अधिकारियों की ड्यूटी

MP Sports Festival on 24th and 25th December, Collector assigned duties to officers

सांसद खेल महोत्सव 24 और 25 दिसम्बर को, कलेक्टर ने लगाई अधिकारियों की ड्यूटी

उत्तर बस्तर कांकेर, 22 दिसंबर 2025 लोकसभा स्तरीय सांसद खेल महोत्सव 2025 का आयोजन आगामी 24 एवं 25 दिसम्बर को नरहरदेव पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में प्रस्तावित है। उक्त खेल प्रतियोगिता में तीन आयु वर्गों में एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, व्हॉलीबॉल, गेड़ी दौड़, गिल्ली डंडा तथा रस्साकसी जैसे विभिन्न खेलों में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें 800 पुरूष एवं 800 महिला प्रतिभागी सम्मिलित होंगीं। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने उक्त आयोजन को सफल बनाने जिला स्तर के अधिकारियों को दायित्व सौंपा है। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी को नोडल अधिकारी तथा सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार आवास एवं खेल मैदानों में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था हेतु पुलिस अधीक्षक, खेल व्यवस्थापन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी, खेल मैदान/आवासों की साफ-सफाई व वॉटर टेंकर, फॉगिंग के लिए नगरपालिका परिषद कांकेर, खेल मैदानों के समतलीकरण, विद्युत कनेक्शन हेतु लोक निर्माण विभाग, वाहन व्यवस्था के लिए जिला परिवहन अधिकारी को दायित्व सौंपा गया है। इसी प्रकार प्रतिभागियों की चिकित्सा व्यवस्था हेतु स्वास्थ्य विभाग, पेयजल संबंधी व्यवस्था के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, खिलाड़ियों की भोजन व्यवस्था हेतु खाद्य नियंत्रक एवं खाद्य विभाग, प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार हेतु जनसम्पर्क विभाग, जनप्रतिनिधियों की आवास व्यवस्था के लिए वन विभाग, विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने विद्युत विभाग, मंच सजावट के लिए रेशम एवं उद्यान विभाग, नर्तक दलों की व्यवस्था आदिवासी विकास विभाग तथा मैदान निर्माण हेतु आवश्यकतानुसार मिट्टी एवं डस्ट की व्यवस्था करने खनिज विभाग को दायित्व सौंपकर आयोजन को सफल बनाने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए हैं।