मनमोहन सामल फिर बने ओडिशा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष

Manmohan Samal again became Odisha BJP state president

मनमोहन सामल फिर बने ओडिशा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष

नई दिल्ली। भाजपा ने मनमोहन सामल को ओडिशा प्रदेश इकाई का फिर से अध्यक्ष नियुक्त किया है। इससे पहले सोमवार को ओडिशा इकाई के अध्यक्ष पद के लिए उन्होंने नामांकन पत्र दाखिल किया था। इस पर नामांकन करने वाले वे एकमात्र उम्मीदवार थे। भाजपा के केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक संजय जायसवाल ने पार्टी के राज्य मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में सामल की इस पद पर पुनर्नियुक्ति की घोषणा की।

इससे पहले सोमवार को मनमोहन सामल ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक संजय जायसवाल और अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में ओडिशा भाजपा चुनाव अधिकारी और सांसद प्रताप सारंगी के समक्ष इस पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया था। वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने वाले एकमात्र नेता थे। सामल के अलावा कई अन्य नेताओं ने भी भाजपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

2024 में पार्टी की जीत में निभाई थी बड़ी भूमिका

उनके नेतृत्व में 2024 में ओडिशा विधानसभा चुनाव में नवीन पटनायक के नेतृत्व वाले बीजू जनता दल (बीजद) को हराया था। वहीं ओडिशा में भाजपा ने राज्य की 21 लोकसभा सीटों में से 20 पर जीत हासिल की और राज्य विधानसभा में पूर्ण बहुमत हासिल कर राज्य में सरकार बनाई।