कैसे 7033 KM दूर पकड़ा गया मेहुल चोकसी, क्या भारत लाना होगा आसान? यहां फंस सकता है पेच
How was Mehul Choksi caught 7033 KM away, will it be easy to bring him to India? The problem may arise here
नई दिल्ली। भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को भारत से लगभग 7033 किमी दूर पश्चिम यूरोप के देश बेल्जियम में गिरफ्तार किया गया है। उसे जल्द भारत लाने की तैयारी है। भारत को पिछले सात साल से मेहुल चोकसी की तलाश है। सीबीआई सूत्रों के मुताबिक बेल्जियम की पुलिस ने उसे पकड़ा है।
65 वर्षीय भगोड़ा मेहुल अपनी पत्नी प्रीति चोकसी के साथ बेल्जियम के एंटवर्प में निवास कार्ड हासिल करने के बाद रह रहा था। बता दें कि मेहुल चोकसी और उसका भतीजा नीरव मोदी पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) से 13,850 करोड़ रुपये के ऋण धोखाधड़ी मामले में वांछित हैं। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) को दोनों की तलाश है। बेल्जियम पुलिस ने 12 अप्रैल को मेहुल चोकसी को दबोचा है।
कई देशों में रह चुका मेहुल
पीएनबी घोटाला सामने आने के हफ्तों पहले ही मेहुल चोकसी और नीरव मोदी ने जनवरी 2018 में देश छोड़ दिया था। इसके बाद मेहुल 2021 में एंटीगुआ देश से लापता हो गया था। बाद में उसकी लोकेशन डोमिनिका में मिली। मेहुल चोकसी गीतांजलि जेम्स का संस्थापक है। उसका भतीजा नीरव मोदी अभी ब्रिटेन की जेल में बंद है। इन्हें 2019 में भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया गया था।
ऐसे भारतीय एजेंसियों ने गिरफ्तार करवाया
भारतीय एजेंसियों को मेहुल चोकसी के बेल्जियम में होने की जानकारी मिली। इसके बाद ईडी और सीबीआई ने वहां के अधिकारियों से संपर्क किया और मामले की पूरी जानकारी साझा की। भारत ने बेल्जियम से मेहुल चौकसी के प्रत्यर्पण का अनुरोध किया। इसके बाद बेल्जियम पुलिस ने मेहुल चोकसी की निगरानी शुरू की, ताकि वह फरार न हो सके। दूसरी तरफ उसके खिलाफ जांच भी जारी रही। पुख्ता सबूत मिलने के बाद बेल्जियम पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
भारत ने भेजे अदालती वारंट
कुछ समय पहले ही मेहुल चोकसी के खिलाफ जारी इंटरपोल नोटिस को हटा लिया गया था। इसके बाद भारत ने प्रत्यर्पण के माध्यम से चोकसी को लाने की योजना बनाई। सीबीआई और ईडी ने बेल्जियम से संपर्क साधा। सूत्रों के मुताबिक प्रत्यर्पण अनुरोध के तहत भारतीय एजेंसियों ने 2018 और 2021 में मुंबई की एक विशेष अदालत से जारी दो ओपन-एंडेड गिरफ्तारी वारंट अपने बेल्जियम समकक्षों के साथ साझा किए। उसकी गिरफ्तारी के बाद दोनों देशों की एजेंसियां कागजी कार्रवाई में जुटी हैं।
क्या जल्द भारत आएगा चोकसी?
सूत्रों के मुताबिक मेहुल चोकसी को जल्द से जल्द भारत लाने की कोशिश है। मगर बेल्जियम की अदालतों में कानूनी अड़चनें प्रक्रिया में देरी पैदा कर सकती हैं। जानकारी के मुताबिक स्वास्थ्य कारणों से मेहुल चोकसी बेल्जियम में अपनी पत्नी के साथ ठहरा था। यहां से वह स्विट्जरलैंड भागने की कोशिश में था। माना जा रहा है कि वह खराब स्वास्थ्य और अन्य कारणों का हवाला देकर जमानत की मांग भी कर सकता है।






