कलेक्टर ने ली सीएसईबी के अधिकारियों एवं कांट्रेक्टर्स की बैठक

Collector held a meeting of CSEB officials and contractors

कलेक्टर ने ली सीएसईबी के अधिकारियों एवं कांट्रेक्टर्स की बैठक

समय पर कार्य नहीं करने वाले कांट्रेक्टर्स को ब्लैक लिस्ट करने के लिए कहा

राजनांदगांव। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में शासन की महत्वपूर्ण परियोजना रीवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम के क्रियान्वयन की धीमी प्रगति तथा विद्युत विभाग के निर्माणाधीन कार्य के मद्देनजर सीएसईबी के अधिकारियों एवं कांट्रेक्टर्स की बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि रीवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम के अंतर्गत जिले में 180 करोड़ रूपए के कार्य प्र्रगतिरत है, जो मेसर्स स्टरलिंग एण्ड विल्संस प्राईवेट लिमिटेड को दिया गया है। उन्होंने कार्य में धीमी प्रगति को देखते हुए कंपनी को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंप फिडर, बस्ती फिडर के निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें। लापरवाही करने तथा कार्य समय पर पूर्ण नहीं होने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसे कांट्रेक्टर जो समय पर कार्य नहीं कर रहे है, उन्हें ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि विद्युत आपूर्ति के दृष्टिगत भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पंप फिडर एवं बस्ती फिडर को पृथक करना जरूरी है और यह कार्य प्राथमिकता से होना चाहिए। उन्होंने जिले में रीवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम के अंतर्गत समस्त विद्युत उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट मीटर के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के तहत शासकीय, अर्धशासकीय, नगरीय निकायों में विद्युत कनेक्शन प्राथमिकता के आधार पर स्मार्ट मीटर स्थापित किया जाना है। इस कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए आंधी, तूफान के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में यथाशीघ्र मेंटेनेंस करने के निर्देश दिए।

कार्यपालन अभियंता  आरके गोस्वामी ने बताया कि जिले में रीवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम के तहत 180 करोड़ रूपए के कार्य प्रारंभ है। मेसर्स स्टरलिंग एण्ड विल्संस प्राईवेट लिमिटेड द्वारा यह कार्य किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी द्वारा निराशाजनक प्रगति को देखते हुए पत्र लिखा गया था। इसी तारत्मय में 50 प्रतिशत शेष कार्यों को पूर्ण करने के लिए तीन कंपनी इंजीनियर्स कंबाईन, आईपी पटेल, फ्यूचर इंजीनियरिंग द्वारा सहयोग लिया जा रहा है। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता प्रोजेक्ट  एमके साहू, मेसर्स स्टरलिंग एण्ड विल्संस प्राईवेट लिमिटेड के  बी बाला ब्रम्हम, इंजीनियर्स कंबाईन के  सुबोध ठाकुर, आईपी पटेल कंपनी के  राजेन्द्र पटेल, फ्यूचर इंजीनियरिंग के  संजय कुमार एवं अन्य अधिकारी एवं कान्ट्रेक्टर उपस्थित थे।