अवैध खनिज परिवहन के मामले में 13 वाहन जब्त
13 vehicles seized in connection with illegal mineral transportation
रायपुर, 25 मई 2026

सक्ती जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 वाहनों को जब्त किया है। खनिज उड़नदस्ता दल ने देर रात सघन जांच अभियान चलाकर चूना पत्थर और रेत का अवैध परिवहन करते पाए गए हाईवा और ट्रैक्टरों को कब्जे में लिया। सभी वाहनों को संबंधित थानों के सुपुर्द कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सक्ती जिले में 22 मई की रात विभिन्न क्षेत्रों में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान चंद्रपुर क्षेत्र में तीन हाईवा और दो ट्रैक्टर चूना पत्थर का अवैध परिवहन करते पकड़े गए। सभी वाहनों को जब्त कर थाना चंद्रपुर के सुपुर्द किया गया। इसी तरह डभरा क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान रेत का अवैध परिवहन करते हुए पांच ट्रैक्टर पकड़े गए, जिन्हें थाना डभरा में रखा गया है। वहीं हसौद क्षेत्र में भी रेत का अवैध परिवहन करते तीन ट्रैक्टरों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें थाना हसौद के सुपुर्द किया गया। कलेक्टर का कहना है कि जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।






