ट्रक ने स्कूटर सवार बुजुर्ग को कुचला, मौके पर मौत; 17 वर्षीय नातिन गंभीर
Truck crushes old man riding scooter, dies on the spot; 17-year-old granddaughter is serious
भिलाई। शहर में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय बीएसपी से रिटायर्ड कर्मचारी अयूब खान की मौत हो गई, जबकि उनकी 17 वर्षीय नातिन जिया खान गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा छावनी थाने के सामने फ्लाईओवर ब्रिज पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार 16-चक्का ट्रक ने उनकी स्कूटर को टक्कर मार दी।
पुलिस के मुताबिक, अयूब खान भिलाई-तीन के आदर्श नगर के निवासी थे और अपनी नातिन को कोहका स्थित घर छोड़ने जा रहे थे। पावर हाउस ओवरब्रिज पार करते समय, बिहार होटल के सामने तेज रफ्तार ट्रक (CG 04 NH 4417) ने उनकी स्कूटर (CG 07 AR 5531) को किनारे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटर ट्रक के पहियों में फंस गई और अयूब खान स्कूटर समेत काफी दूर तक घिसटते चले गए। इस दौरान जिया स्कूटर से उछलकर दूर जा गिरी। अयूब खान का पैर बुरी तरह कुचल गया और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जिया को गंभीर चोटें आईं।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अयूब खान को मृत घोषित कर दिया। जिया की हालत गंभीर होने पर परिजन उसे अपेक्स हॉस्पिटल ले गए हैं, जहां उसका इलाज जारी है।
छावनी पुलिस ने ट्रक और स्कूटर जब्त कर ली है। पुलिस के अनुसार, ट्रक की रफ्तार इतनी अधिक थी कि स्कूटर के परखच्चे उड़ गए। मामले की जांच जारी है और चालक की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।






