हर घर तिरंगा : 15 अगस्त तक तीन चरणों में होगा कार्यक्रम का आयोजन
Every home tricolor: Program will be organized in three phases till August 15
कलेक्टर ने विभिन्न गतिविधियों के सफल संचालन के लिए अधिकारियों को दिये निर्देश
गरियाबंद। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा-2025 कार्यक्रम का आयोजन देशभर में 2 से 15 अगस्त 2025 तक किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत गरियाबंद जिले में भी जनभागीदारी को प्राथमिकता देते हुए विशेष गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष कार्यक्रम का थीम हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता: स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग है। जिसका उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुँचाना और स्वच्छता के प्रति जनचेतना को सशक्त बनाना। हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन तीन चरणों में हो रहा है। प्रथम चरण 2 से 8 अगस्त तक, द्वितीय चरण 9 से 12 अगस्त तक एवं तृतीय चरण 13 से 15 अगस्त तक विभिन्न आयोजन होंगे। कलेक्टर ने विभिन्न कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए सभी एसडीएम जनपद सीईओ एवं नगरीय निकाय के सीएमओ तथा विभागीय अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के निर्देश दिए है। शासन के निर्देशानुसार सभी गतिविधियां आयोजित करने को कहा है। इसके लिए प्रभारी उप संचालक पंचायत के.एस. नागेश को नोडल अधिकारी बनाया गया है। साथ ही डीपीएम आरजीएसए योगेश साहू एवं प्रोग्रामर मनरेगा अंकित वर्मा सहायक नोडल को दायित्व दिया गया है।
शासन से जारी निर्देशानुसार प्रथम चरण में विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा आर्ट से सजाने, रंगोली प्रतियोगिताएं, तिरंगे के स्थानीय इतिहास पर प्रश्नोत्तरी, तिरंगा राखी निर्माण हेतु कार्यशालाएं एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है। द्वितीय चरण 9 से 12 अगस्त के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर जनसहभागिता से तिरंगा मेला और तिरंगा कंसर्ट का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभाशाली व्यक्तियों और खिलाडिय़ों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। तिरंगा कंसर्ट में देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त तिरंगा रैली, बाइक और साइकिल रैली का आयोजन भी किया जाएगा। तृतीय चरण 13 से 15 अगस्त तक शासकीय भवनों, शैक्षणिक संस्थानों, होटलों, कार्यालयों, बांधों एवं पुलों पर तिरंगा फहराया जाएगा तथा रोशनी की जाएगी। इसी अवधि में स्वच्छता और जल संरक्षण से संबंधित विविध गतिविधियां भी संपन्न की जाएंगी।
हर घर तिरंगा कार्यक्रम अंतर्गत सार्वजनिक संस्थाएं, स्व-सहायता समूह और सामाजिक संगठन को अभियान में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक परिवार अभियान से जुड़ सकें। निजी क्षेत्र एवं कॉर्पाेरेट संस्थाओं को भी उनके सीएसआर संसाधनों के माध्यम से राष्ट्रीय कार्यक्रम में योगदान देने हेतु आमंत्रित किया गया है। डिजिटल माध्यमों से प्रचार-प्रसार को व्यापक बनाया गया है। नागरिकों को डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट हरघरतिरंगा डॉट कॉम पोर्टल पर जाकर झंडा फहराने की प्रतिज्ञा लेने और अभियान से डिजिटल रूप से जुडऩे के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। ग्राम पंचायतों को तिरंगा झंडे की खरीदी एवं पैम्पलेट, स्टिकर, बैनर के माध्यम से प्रचार एवं वितरण हेतु दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। पोस्ट ऑफिस, स्थानीय स्तर के दुकानों को झंडा बिक्री केंद्र के रूप में चिन्हांकित किया जा रहा है। सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों और आवासीय क्षेत्रों में तिरंगा लाइटिंग, रंगोली प्रतियोगिता, सेल्फी जोन और ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किए जा रहे हैं। भारत सरकार द्वारा प्रदत्त पोर्टल पर प्रतिदिन अभियान की प्रगति और गतिविधियों की सतत निगरानी हेतु निर्देश दिए गए है।






