जल, जंगल एवं जमीन का असली संरक्षक जनजाति समाज - गुरू खुशवंत साहेब
Tribal society is the real custodian of water, forest and land - Guru Khushwant Saheb
-राधेश्याम सोनवानी, रितेश यादव
जनजातीय गौरव दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गुरू खुशवंत साहेब ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी लोगों को आदिवासी जननायक भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज हम यहाँ जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन में एकत्रित हुए हैं, जो हमारे आदिवासी समाज की महान परंपराओं, संस्कृति, और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल एवं जमीन का असली संरक्षक जनजाति समाज है। यह समाज पर्यावरण एवं मानव संस्कृति के रक्षा के लिए हमेशा से काम करते आये है। इसमें भगवान बिरसामुंडा का भी बहुत बड़ा योगदान रहा है। भगवान बिरसा मुंडा, हमारे गौरवशाली इतिहास के उस नायक का नाम है, जिन्होंने न केवल अपने समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष किया, बल्कि पूरे देश को स्वतंत्रता के संघर्ष में एक नई दिशा दी। उनके संघर्ष, उनकी वीरता, और उनकी अटूट संकल्पशक्ति ने हमें यह सिखाया कि यदि हमारा संकल्प मजबूत हो, तो कोई भी कठिनाई हमें रोक नहीं सकती। उन्होंने जल, जंगल, और जमीन की रक्षा के लिए अपने जीवन को समर्पित किया और आदिवासी समाज के लिए एक नई जागरूकता का संदेश दिया। इसी दिशा में केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। इसके माध्यम से जनजाति समाज को लाभान्वित किया जा रहा है।
19 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास - जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक गुरु खुशवंत साहेब, रोहित साहू सहित जनप्रतिनिधियों ने पीएम जनमन अंतर्गत स्वीकृत 19 करोड़ 86 लाख 84 हजार रुपए के 6 निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें विकासखंड फिंगेश्वर एवं छुरा अंतर्गत 12 करोड़ 49 लाख रुपए लागत के 22.60 किमी के 16 सडक निर्माण कार्य, मैनपुर के ग्राम-धवलपुर व जिडार में 5 करोड़ 50 लाख रुपए लागत के छात्रावास निर्माण कार्य, वि.ख. गरियाबंद एवं मैनपुर में 1 करोड़ 5 लाख 21 हजार रुपए लागत के आंगनबाड़ी केन्द्र निर्माण कार्य, विख गरियाबंद एवं छुरा में 10 लाख रुपए लागत के वनधन विकास केंन्द्र निर्माण कार्य, मैनपुर के ग्राम-चितकीमुडा एवं ग्रा.प. - बोईरगाव में राज्य आयोजना मद अंतर्गत 62 लाख रुपए के लागत के बहु उद्द्देश्यीय केन्द्र निर्माण कार्य, मैनपुर के ग्राम- कुरूभाठा में अधोसंरचना विकास मद भुजिया विकास अभिकरण अंतर्गत 10 लाख रुपए के लागत के भुजिया सामुदायिक भवन निर्माण कार्य शामिल है।
इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी का संघर्ष सिर्फ सामाजिक और आर्थिक शोषण के खिलाफ नहीं था, बल्कि यह अपनी संस्कृति, अधिकारों और अस्तित्व की रक्षा के लिए एक महान क्रांति थी। उनकी विरासत हमें सिखाती है कि अपनी जड़ों से जुड़कर, आत्म-सम्मान के साथ आगे बढ़ना ही सच्ची प्रगति है। विधायक साहू ने कहा कि जिले में प्रधानमंत्री मोदी के मंशानुरूप जनजाति समाज के उत्थान के लिए आश्रम, छात्रावास, आवास, सड़क, बिजली एवं पानी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जिले में निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति कमार एवं भुंजियां सदस्यों को भी प्राथमिकता से लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे देश के राष्ट्रपति और प्रदेश के मुख्यमंत्री जनजाति समुदाय से है जिससे हमें गर्व का एहसास होता है।
इस अवसर पर कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने कहा कि गरियाबंद जिले में 5 ब्लॉक है जिसमें से तीन आदिवासी ब्लॉक हैं। जिले में प्रधानमंत्री जनमन योजना चल रहा है, जिले में लगभग 29 प्रतिशत जनसंख्या आदिवासी है। जिले में केन्द्र घोषित विशेष पिछड़ी जनजाति के रूप में कमार जनजाति और राज्य शासन से घोषित भुंजिया जनजाति निवासरत है। जिले में जनजाति समाज के लगभग 17000 जनसंख्या है। इनमें लगभग 4740 कमार परिवार हमारे जिले में निवास करते हैं। इसके अलावा भुजिया के लगभग 1600 परिवार हमारे जिले में निवास करते हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी के निर्देशानुसार पीएम जनमन कार्यक्रम हमारे जिले में भी चल रहा है। जिसके तहत हमने जितने भी कमार बस्तियां है उसमें शासन की विभिन्न योजनाओं जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड किसान सम्मान निधि, वन पट्टा, राशन कार्ड एवं पीएम आवास जैसी योजनाओं का सेचुरेट करने का प्रयास किया है। जो भी पात्र व्यक्ति हैं उनको योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। साथ ही विभिन्न 37 प्रकार की योजनाओं में सैचुरेट करने का कार्य किया जा रहा है। जिसमें अभी सभी जगह सर्वे हुआ है सर्वे के बाद सभी जगह अभी कैंप लगाकर उनका सैचुरेट करने का काम किया जाएगा। पीएम जन मन के तहत जिले में लगभग 35 सड़के पहले सैंक्शन हुई है, चार छात्रावास, लगभग 9 आंगनबाड़ी केंद्र सैंक्शन किया गया है। दो वन धन केंद्र, 5 मल्टीपर्पज केंद्र आदि सैंक्शन हुए हैं।






