मुख्यमंत्री साय ने भांठागांव (बी) उपार्जन केन्द्र में धान खरीदी कार्य का किया शुभारंभ
Chief Minister Sai inaugurated the paddy procurement work at Bhantgaon (B) Procurement Center
बालोद । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बालोद जिले के प्रवास के दौरान गुण्डरदेही तहसील के ग्राम भांठागांव (बी) धान उपार्जन केन्द्र पहुंचकर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के प्रदेश स्तरीय कार्य का शुभारंभ किया।
इसी के साथ आज से किसानों का धान बिक्री महोत्सव का आगाज हो गया, जो आगामी 31 जनवरी 2025 तक चलेगा। मुख्यमंत्री साय ने उपार्जन केन्द्र में इलेक्ट्रॉनिक तौल एवं अन्य यंत्रों का पूजा अर्चना किया।
उन्होंने मौके पर उपस्थित किसानों को राजकीय गमछा व हार पहनाकर स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री के समक्ष ग्राम भांठागांव के किसान भागबली ने कुल 148 क्विंटल और हरिराम ने 65 क्विंटल 20 किलो धान की बिक्री की।
मुख्यमंत्री के समक्ष अपने धान की बिक्री का अवसर प्राप्त करने पर किसान भागबली और हरिराम बहुत ही खुश नजर आ रहे थे। उक्त उपार्जन केन्द्र में 14 नवम्बर को धान खरीदी हेतु कुल 06 किसानों का टोकन काटा गया है।
मुख्यमंत्री साय ने गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम मोहंदीपाट में 30 लाख रूपये की लागत से नवनिर्मित जिला सेवा सहकारी केन्द्रीय बैंक शाखा मर्यादित दुर्ग के नवीन शाखा का लोकार्पण भी किया।
उन्होंने धान बिक्री के लिए पहुुंचे किसानों को पौधा वितरण भी किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ महतारी के तैल चित्र पर माल्यार्पण किया।
इस अवसर पर सांसद भोजराज नाग, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू, राजेंद्र राय, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक एस आर भगत भी उपस्थित थे।






