बाल विवाह मुक्त जिला बनाने की दिशा में प्रशासन का सशक्त अभियान

The administration's vigorous campaign towards making the district child marriage free

बाल विवाह मुक्त जिला बनाने की दिशा में प्रशासन का सशक्त अभियान

मुंगेली, 02 जनवरी 2026 मुख्यमंत्री के संकल्प के अनुरूप 31 मार्च 2026 तक पूरे राज्य को बाल विवाह मुक्त बनाने के लक्ष्य को लेकर जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। अभियान के तहत जिले की शैक्षणिक संस्थाओं, धार्मिक स्थलों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संघों, डीजे एवं बैंड संचालकों से संवाद कर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही शिविरों के माध्यम से लोगों को बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाकर जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लिया जा रहा है।

कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय टीम द्वारा निर्धारित समय-सीमा से पूर्व लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जिले में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के पूर्ण उन्मूलन की दिशा में प्रशासन ने ठोस पहल करते हुए बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आगामी 100 दिनों तक विशेष जागरूकता एवं गतिविधि आधारित कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 08 मार्च 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसी कड़ी में मुंगेली स्थित चर्च में जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्रीमती अंजूबाला शुक्ला ने समाज के प्रतिनिधियों से चर्चा कर अभियान के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बाल विवाह के दुष्परिणाम के बारे में बताया और बाल विवाह नहीं कराने का संकल्प दिलाया।