समाधान शिविरों में सुशासन तिहार के तहत् प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए निर्देश जारी

Instructions issued for redressal of applications received under Sushasan Tihar in Samadhan camps

समाधान शिविरों में सुशासन तिहार के तहत् प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए निर्देश जारी

नारायणपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप प्रदेश में सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त जन मांगों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरणकरने हेतु कलेक्टर प्रतिष्ठा मंमगाईं द्वारा दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सभी कार्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि वे ग्राम पंचायतवार तथा विषयवार प्राप्त मांगों की संख्यात्मक जानकारी तैयार कर निराकरण करना सुनिश्चित करें। शासन ने स्पष्ट किया है कि जिन मांगों की पूर्ति विभागीय बजट से संभव है, उन्हें तुरंत स्वीकृत कर कार्य प्रारंभ कराया जाए।

वहीं, बड़े कार्यों के लिए संबंधित विभाग प्राकलन तैयार कर औचित्य सहित प्रस्ताव शासन को भेजें। आँगनबाड़ी केंद्र, स्कूल भवन, शौचालय, हैंडपंप, सार्वजनिक वितरण प्रणाली पीडीएस की दुकान जैसे बुनियादी ढांचे से संबंधित मांगों को डीएमएफ से स्वीकृति हेतु प्रस्तावित किया जाएगा। समाधान शिविरों के मुख्यालय ग्राम पंचायत के साथ-साथ उससे जुड़े ग्राम पंचायतों की मांगों को प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। कर्मचारियों की शिकायतों का भी तत्काल समाधान अनिवार्य किया गया है।

इसके अतिरिक्त, समाधान शिविरों में हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत उपकरण, सामग्री, चेक, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, किसान किताब आदि का वितरण किया जाएगा। शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और सभी जनप्रतिनिधियों को पूर्व सूचना देने की भी जिम्मेदारी अधिकारियों को दी गई है। शिविर में आधार कार्ड और आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के साथ-साथ स्वास्थ्य जांच की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन द्वारा इन निर्देशों के पालन से आम नागरिकों को शीघ्र लाभ पहुंचने की अपेक्षा जताई गई है।