नकुलनार में मां दंतेश्वरी महिला किसान उत्पादक कंपनी का वार्षिक आमसभा सह सम्मेलन संपन्न
Annual General Meeting cum Conference of Maa Danteshwari Women Farmer Producer Company concluded in Nakulnaar
रीपा नकुलनार में समुदाय आधारित प्रशिक्षण केंद्र का भी हुआ उद्घाटन
दंतेवाड़ा, 17 दिसंबर 2025
जिला प्रशासन के नेतृत्व में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) बिहान योजना अंतर्गत गठित मां दंतेश्वरी महिला किसान उत्पादक कंपनी लिमिटेड का वार्षिक आमसभा सह सम्मेलन आज विकासखंड कुआकोंडा के रीपा नकुलनार परिसर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर समुदाय आधारित प्रशिक्षण केंद्र का विधिवत उद्घाटन भी किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी ने अपने संबोधित में दीदियों का उत्साहवर्धन किया तथा उत्पादक समूहों से जुड़ी दीदियों को लाभांश राशि के चेक वितरित किए। साथ ही उनके करकमलों द्वारा समुदाय आधारित प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया गया। अपने संबोधन में श्री मुडामी ने कहा कि यह उनके लिए गौरव का विषय है कि वे किसी महिला किसान उत्पादक कंपनी के प्रथम वार्षिक सम्मेलन में सहभागी बने हैं। उन्होंने बताया कि दंतेवाड़ा जिले की दीदियां, जो कभी 5 से 10 रुपये की बचत से अपनी यात्रा शुरू की थीं, आज एक सशक्त कंपनी की मालिक बन चुकी हैं, जिसका आने वाले समय में करोड़ों रुपये का वार्षिक टर्नओवर होगा।
कार्यक्रम में एनआरएलएम मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री नितेश कुमार देवांगन ने मां दंतेश्वरी महिला किसान उत्पादक कंपनी द्वारा किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि कंपनी द्वारा विगत वित्तीय वर्ष में विभिन्न उत्पादों का क्रय-विक्रय कर उल्लेखनीय लाभ अर्जित किया गया है, जिसकी जानकारी सभी शेयरधारकों को दी गई। उन्होंने बताया कि यह छत्तीसगढ़ प्रदेश की पहली ऐसी कंपनी बनी है, जिसने अपने शेयरधारकों के बीच एक लाख पचास हजार रुपये से अधिक का लाभांश वितरित किया है।
गौरतलब है कि मां दंतेश्वरी महिला किसान उत्पादक कंपनी लिमिटेड का गठन 11 अगस्त 2023 को किया गया था। प्रारंभिक वर्ष विभिन्न लाइसेंसिंग प्रक्रियाओं में व्यतीत होने के उपरांत, बीते एक वर्ष में कंपनी द्वारा 50 लाख रुपये से अधिक का कारोबार किया गया। इसमें प्रमुख रूप से 15 लाख रुपये से अधिक की इमली तथा 28 लाख रुपये के अमचूर का क्रय-विक्रय शामिल है। इसके अतिरिक्त वर्तमान में 228 क्विंटल विभिन्न प्रजातियों के देशज धान का क्रय कर भंडारण किया गया है। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि आगामी तीन माह के भीतर कंपनी द्वारा जिले में बिहान योजना अंतर्गत 50 से अधिक किसान उत्पादक समूहों का गठन किया गया है, जिनके माध्यम से लगभग 1.5 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किए जाने की योजना है। वर्तमान में कंपनी से 1340 शेयरधारक जुड़े हुए हैं, जिन्हें आगामी वर्ष में बढ़ाकर 3000 से अधिक करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अरविंद कुंजाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री सुकालु मुडामी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री रमेश गावड़े, नकुलनार सरपंच श्रीमती रंजना कश्यप, कुआकोंडा सरपंच श्रीमती सुनीता नाग, गढ़मिरी सरपंच श्री पवन कोर्राम, श्यामगिरी सरपंच श्री धन्नू कोर्राम सहित जनपद पंचायत सीईओ श्री मुन्ना राम कश्यप, डीपीएम श्री उमेश पाल, डीपीएम श्री बालनारेश राव तथा बीपीएम श्री भजनलाल यादव सहित बड़ी संख्या में दीदियां एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।






