संभागायुक्त ने एसडीएम कार्यालय डोंगरगांव का किया आकस्मिक निरीक्षण
Divisional Commissioner made a surprise inspection of SDM office Dongargaon.
कार्यालयीन व्यवस्था, अभिलेखों एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की
राजनांदगांव। संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर ने आज अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय डोंगरगांव का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने राजस्व अभिलेखों के संधारण, नामांतरण-विभाजन प्रकरणों की स्थिति, लंबित प्रकरणों की संख्या तथा जनसुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संभागायुक्त ने कहा कि प्रशासनिक पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर सेवा प्रदाय सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने कहा कि त्रुटि-सुधार संबंधित प्रकरणों में संबंधित पक्षकारों को अनिवार्य रूप से नोटिस जारी किए जाएं, जिससे समयबद्ध रूप से सुनवाई एवं निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी जनसमस्याओं का निराकरण संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ समय-सीमा में किया जाना चाहिए। इस दौरान एसडीएम डोंगरगांव श्रीकांत कोराम सहित अन्य अधिकारी व जनसामान्य उपस्थित थे।






