भारत हमेशा से ही शांति का पैरोकार रहा : उदित राज
India has always been an advocate of peace: Udit Raj
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता उदित राज ने प्रधानमंत्री मोदी की तरफ से गाजा में शांति स्थापित करने के डोनाल्ड ट्रंप के प्रयासों की सराहना करने पर कहा कि यह भारत की नीति है। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा से ही शांति का पैरोकार रहा है। हमने कभी दुनिया के किसी भी कोने में युद्ध की वकालत नहीं की है। हमने हमेशा से ही शांति को ही तवज्जो दी है और आगे भी देते रहेंगे। समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा कि मुझे मौजूदा स्थिति को देखने के बाद यह कहने में कोई गुरेज नहीं है कि अगर सबकुछ तय योजनाओं के मुताबिक हुआ, तो गाजा में शांति स्थापित हो जाएगी।
साथ ही, इस घटना के बाद आगामी दिनों में पश्चिमी एशिया में कई बड़े बदलाव भी देखने को मिलेंगे। सामान्य तौर पर देखा जाता है कि हमास और हिजबुल्लाह की आपस में भिड़ंत होने की वजह से वहां पर अफरातफरी का माहौल रहता है। उधर, फिलिस्तीनियों से इजरायल को कोई खास समस्या नहीं है। फिलिस्तीन के लोग भी नहीं चाहते हैं कि वहां पर हमास रहे, क्योंकि उसी की वजह से अशांति स्थापित हो रही है जिसे अब किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है।
साथ ही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के युवाओं के साथ संवाद करेंगे और 62 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे। इस पर उदित राज ने कहा कि केंद्र सरकार के लिए बेहतर रहेगा कि वो बिहार में उद्योग लगाए, ताकि वहां के युवाओं को बेरोजगारी के जाल में नहीं फंसना पड़े। लेकिन, अफसोस आज की तारीख में अधिकांश उद्योग कल और कारखाने गुजरात में स्थापित हो रहे हैं। अन्य राज्यों की सूध नहीं ली जा रही है।






